टीकमगढ़ के टांगना गांव में डायरिया का प्रकोप, एक साथ 25 से अधिक लोग पड़े बीमार
टीकमगढ़ जिले के जतारा विकासखंड की ग्राम पंचायत टांगना में डायरिया के अचानक बढ़ते मामलों से हड़कंप मच गया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 16 Mar 2026 07:33:12 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Mar 2026 07:33:11 PM (IST)
टांगना गांव में डायरिया का प्रकोप नईदुनिया प्रतिनिधि, टीकमगढ़ (जतारा)। टीकमगढ़ जिले के जतारा विकासखंड की ग्राम पंचायत टांगना में डायरिया के अचानक बढ़ते मामलों से हड़कंप मच गया है। गांव में उल्टी-दस्त की शिकायत के चलते दो दर्जन से अधिक लोग बीमार पड़ गए हैं। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंचकर घर-घर जाकर मरीजों का उपचार कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से मौसम में आए बदलाव के कारण सर्दी, खांसी और वायरल बुखार के मामले बढ़ रहे थे। इसी बीच शादी-विवाह के कार्यक्रमों के दौरान खान-पान में लापरवाही के चलते कई लोगों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते मरीजों की संख्या 25 से अधिक हो गई।
बीएमओ ने भेजी मेडिकल टीम
मामले की जानकारी मिलते ही जतारा बीएमओ डॉ. संजय अहिरवार ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव भेजा। डॉ. छबील गुप्ता के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने गांव पहुंचकर मरीजों के घरों में ही स्वास्थ्य परीक्षण शुरू किया। गंभीर मरीजों को ड्रिप लगाई गई और आवश्यक दवाइयां दी गईं। साथ ही टीम ने गांव में सर्वे कर मरीजों का रिकॉर्ड भी तैयार किया।
दवाइयों का छिड़काव और स्वच्छता पर जोर
बीमारी को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों के घरों और आसपास के क्षेत्रों में कीटाणुनाशक दवाइयों का छिड़काव कराया। ग्रामीणों को साफ-सफाई बनाए रखने और जलस्रोतों की स्वच्छता पर ध्यान देने की सलाह दी गई है। प्राथमिक जांच में बीमारी का कारण दूषित खान-पान और पानी की अशुद्धता माना जा रहा है।