
नईदुनिया प्रतिनिधि, टीकमगढ़। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई हत्या की दो बड़ी वारदातों को सुलझाने में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बल्देवगढ़ में जहां पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर मां के हत्यारे को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। दिगौड़ा थाना क्षेत्र के रामनगर में हुए सनसनीखेज बुजुर्ग दंपति हत्याकांड की गुत्थी को भी पुलिस ने सुलझा लिया है। जमीन के लालच में इस खूनी खेल को अपनों ने ही अंजाम दिया था।
बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र के बनियानी गांव में 9 जून को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। फरियादी रतिराम लोधी ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी मां भगुंती बाई लोधी घर में खून से लथपथ पड़ी हैं। किसी अज्ञात बदमाश ने धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देशन और एसडीओपी राहुल कटारे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी चंदन शाक्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों के जाल के जरिए संदेही मुन्नीलाल उर्फ डाक्टर (23) निवासी बनियानी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में उपयोग किया गया लोहे का हसिया बरामद कर लिया है। पुलिस की मुस्तैदी से हत्याकांड का यह आरोपित वारदात के 12 घंटे के भीतर ही दबोच लिया गया, जिसे न्यायालय ने जेल भेज दिया है।
दिगौड़ा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में बीते दिनों दंपती की हत्या कर दी थी। यहां अपने ही खेत पर मकान बनाकर रह रहे चैनू घोष (65) और उनकी पत्नी पाना बाई घोष (63) की बीते शनिवार रात कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। साक्ष्य छुपाने के लिए आरोपितों ने दोनों के शवों को घसीटकर सड़क किनारे एक मेढ़ पर फेंक दिया था।
जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि मृतका पाना बाई को यह कीमती जमीन उनके मायके से मिली थी। बुजुर्ग दंपति का कोई वारिस न होने के कारण पाना बाई के चचेरे भाइयों की नियत इस जमीन पर खराब थी। इसी जमीन को जबरन हथियाने के लिए उन्होंने इस खूनी साजिश को रचा।
पुलिस ने स्वजनों के शक के आधार पर वीरन घोष, रतिभान घोष, प्रताप भान घोष, रामसिंह घोष और अमित घोष के खिलाफ हत्या बीएनएस धारा 103(1)) और साक्ष्य छुपाने का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पांच में से चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक फरार आरोपित की तलाश जारी है। जिनसे पूछताछ करने पर उन्होंने हत्या की वारदात को स्वीकार किया।