ओरछा में दतिया की तर्ज पर श्रद्धालुओं को ₹10 में मिलेगा भरपेट प्रसाद, सावन-भादौ परिसर के पास किचन का निर्माण जारी
भोजन का मेन्यू और संचालन व्यवस्था तय करने के बाद प्रशासन इसे अंतिम रूप देगा और अनुमति मिलने पर योजना शुरू होगी।
Publish Date: Tue, 22 Sep 2026 10:42:25 PM (IST)Updated Date: Tue, 22 Sep 2026 10:42:55 PM (IST)
HighLights
- पीतांबरा पीठ के मॉडल पर ओरछा में तैयारी
- थाली में शामिल होंगे बुंदेलखंड के पारंपरिक व्यंजन
- निर्माणाधीन किचन के बाद तय होगी संचालन व्यवस्था
मनीष असाटी, नईदुनिया, टीकमगढ़। राम राजा सरकार की नगरी ओरछा में दतिया के पीतांबरा पीठ की तर्ज पर श्रद्धालुओं को 10 रुपये में भरपेट भोजन देने की योजना बनाई जा रही है। सावन-भादौ परिसर के पास किचन का निर्माण चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों से सुझाव लिए जाएंगे।
बुंदेलखंड के पारंपरिक व्यंजन शामिल करने पर विचार
भोजन का मेन्यू और संचालन व्यवस्था तय करने के बाद प्रशासन इसे अंतिम रूप देगा और अनुमति मिलने पर योजना शुरू होगी। थाली में बुंदेलखंड के पारंपरिक व्यंजन शामिल करने पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को स्थानीय खान-पान का स्वाद मिलेगा।
भोजन को श्रद्धालु प्रसाद के रूप में करते हैं ग्रहण
दरअसल दतिया के पीतांबरा पीठ में लंबे समय से 10 रुपये में भोजन की व्यवस्था चल रही है, जिसे श्रद्धालु प्रसाद के रूप में ग्रहण करते हैं।
इसी मॉडल को ओरछा में लागू करने की तैयारी है, जिसका उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को कम कीमत पर स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है।
निवाड़ी एसडीएम अशोक सेन ने कलेक्टर के मार्गदर्शन में किचन का निर्माण कार्य चल रहा है, जो योजना शुरू करने की पहली शर्त है। अनुमति मिलने के बाद ही भोजन व्यवस्था शुरू की जाएगी।