टीकमगढ़ शहर के शोरूम में लगी भीषण आग, आसपास के घरों को करवाया जा रहा खाली
टीकमगढ़ शहर में एक शोरूम में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 03 Apr 2026 11:08:57 AM (IST)Updated Date: Fri, 03 Apr 2026 12:16:00 PM (IST)
शोरूम में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप। (फोटो- नईदुनिया प्रतिनिधि)नईदुनिया प्रतिनिधि, टीकमगढ़। टीकमगढ़ शहर के झांसी रोड स्थित चकरा तिराहा के पास एक शोरूम में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
कोतवाली व देहात पुलिस ने आसपास का क्षेत्र खाली कराकर स्थिति संभाली। एहतियात के तौर पर आसपास के घरों को भी खाली कराया जा रहा है। एसडीएम के निर्देश पर आसपास की नगर परिषदों से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड बुलाई गई हैं। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।
बताया गया कि आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में शोरूम में रखे कपड़े और अन्य कीमती सामान जलकर खाक हो गए। स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटों की भयावहता के आगे वे बेबस नजर आए। भीषण आग ने बगल में स्थित एक फर्नीचर की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
काफी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुचीं। हालांकि नगर पालिका की दो में से एक फायर ब्रिगेड खराब होने के कारण राहत कार्य में बाधा आई। स्थिति को बिगड़ता देख तुरंत आसपास की नगर परिषदों से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। फिलहाल प्रशासनिक अमला, पुलिस बल और फायर टीम मौके पर तैनात हैं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है।