
नईदुनिया प्रतिनिधि, ओरछा : न केवल संगठन को मजबूत करने बल्कि आपसी गिले-शिकवे भी दूर करने के उद्देश्य से भी आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में पार्टी के क्षत्रप आपस में अलग-थलग नजर आए। कई मौकों पर आपस में बात करना तो दूर, उनकी नजरें तक आपस में सार्वजनिक रूप से नहीं मिलीं।
पूर्वाह्न नौ बजे से प्रारंभ हुई प्रदेश कार्य समिति की बैठक में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव पूर्वाह्न लगभग 11.30 बजे पहुंचे तो इसके बाद संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे। ऐसे में, तीनों ही नेता कार्यसमिति के पहले सत्र में अलग-अलग बैठे दिखाई दिए। लंच की टेबल पर भी ये तीनों एक साथ नजर नहीं आए।
उद्घाटन सत्र समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री डा. यादव पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के साथ भोजन कक्ष में पहुंचे। भोजन किया और कार्यकर्ताओं के साथ फोटो सेशन कराकर वापस कक्ष में जाने लगे तभी कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी टहलते हुए पहुंच गए।
यह भी पढ़ें- ओरछा में भाजपा का महामंथन: रामराजा के दरबार से 2028 का रोडमैप तैयार, केन-बेतवा लिंक परियोजना पर कांग्रेस को घेरा