टीकमगढ़ हादसा: कलेक्ट्रेट रोड पर करंट दौड़ा, खंभे की चपेट में आकर युवक की मौत
हादसे में करंट इतना शक्तिशाली था कि युवक को संभलने का एक पल भी नहीं मिला। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 04 May 2026 01:15:27 PM (IST)Updated Date: Mon, 04 May 2026 03:10:22 PM (IST)
कलेक्ट्रेट रोड पर बिजली के खंबे में उतरे करंट की चपेट में आया युवक। वीडियो ग्रैबHighLights
- तेज बारिश के बीच हुआ हादसा
- बिजली खंबे में उतरा हाई वोल्टेज करंट
- साइकिल लेने पहुंचा युवक, मौके पर ही गई जान
नईदुनिया प्रतिनिधि, टीकमगढ़। शहर के कलेक्ट्रेट रोड पर रविवार की देर रात एक बड़ा हादसा सामने आया है। उत्सव भवन मैरिज गार्डन के पास बिजली के एक खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से उत्तर प्रदेश के बानपुर निवासी मनीराम साहू (45) की मौके पर ही मौत हो गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
तेज बारिश और हवाओं के बीच हुए इस हादसे ने बिजली कंपनी और मैरिज गार्डन में काम करने वाले ठेकेदारों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार मृतक मनीराम ने अपनी साइकिल को सड़क किनारे लगे बिजली के पोल के सहारे खड़ा किया था। रात में अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए जैसे ही वह अपनी साइकिल लेने पहुंचा, पोल में उतर रहे हाई वोल्टेज करंट ने उसे अपनी ओर खींच लिया। करंट इतना शक्तिशाली था कि युवक को संभलने का एक पल भी नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया।
शुरुआती जांच में सामने आया... ठेकेदार ने अस्थाई तार बांध रखे थे
हादसे के बाद बिजली कंपनी के एई नितिन बाथम ने मौके का मुआयना किया। जांच में प्रारंभिक रूप से सामने आया है कि उत्सव भवन में चल रहे मांगलिक कार्यक्रमों के लिए एक ठेकेदार ने बिजली के खंभे से अस्थाई तार बांध रखे थे।
अंदेशा है कि तेज हवा के कारण ये तार खंभे की लोहे की बाडी से रगड़ खा गए, जिससे पूरे पोल में करंट फैल गया। पास में जलभराव होने के कारण करंट का दायरा और बढ़ गया, जो मनीराम के लिए काल बन गया। पुलिस अब इस मामले में लापरवाही बरतने वाले संबंधित ठेकेदार की भूमिका की जांच कर रही है।