
नईदुनिया प्रतिनिधि, टीकमगढ़। दिगौड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर-बछोड़ा में शनिवार देर रात जमीनी विवाद को लेकर एक बुजुर्ग दंपती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान चैनु घोष (65) और उनकी पत्नी पाना बाई घोष (63) के रूप में हुई है।
घटना के समय दंपती खेत पर सो रहे थे। इस दौरान हमलावरों ने कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मृतकों के सिर, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दंपती पिछले दो वर्षों से करीब एक हेक्टेयर जमीन पर रह रहे थे, जो पाना बाई को उनके पिता ने दी थी। इस जमीन को लेकर दूर के रिश्तेदारों से उनका विवाद चल रहा था। पिछले एक महीने में ही दोनों पक्षों के बीच तीन बार विवाद की स्थिति बनी थी, जो इस जघन्य अपराध में बदल गई।
दिगौड़ा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी वीरन आदिवासी, रतिभान घोष सहित छह लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। मौके पर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फारेंसिक टीम, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और स्निफर डाग की मदद ली गई है।
पोस्टमार्टम के बाद जब शव पैतृक गांव पहुंचे, तो माहौल बेहद गमगीन और आक्रोशित हो गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। वरिष्ठ अधिकारियों की सीधी निगरानी में कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों शवों का शांतिपूर्ण अंतिम संस्कार किया गया। एहतियात के तौर पर पुलिस गांव में फ्लैग मार्च कर रही है और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।