
नईदुनिया प्रतिनिधि, टीकमगढ़। बकाया बिजली बिल न चुकाने पर खेत के कुएं में लगी मोटर जब्त करने पहुंची बिजली विभाग की टीम के सामने आठ वर्षीय मासूम हाथ में हंसिया लिए रोते हुए बोला- 'तुम्हारे बाप के खंभे गांव में लगे हुए हैं, उन्हें जाकर निकाल लो। यह मोटर हमारे बाप के खून-पसीने और पैसों की कमाई से खरीदी गई है। अगर इसे जब्त किया, तो कतरा-कतरा करके कुएं में फेंक देंगे।' यह आर्थिक तंगी की लाचारी का आक्रोश था, जो अपनी आजीविका का एकमात्र साधन मोटर पंप छिनते देख निकला था।
गुरुवार को टीकमगढ़ के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र स्थित एक गांव की इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें गुस्सा प्रकट करने के साथ बच्चा यह भी कहता नजर आ रहा है कि 'बताओ यार, मोटर फ्री की थोड़ी न है।'
जिस किसान का यह बच्चा है, उस पर कितना बिजली बिल बकाया है, इस पर बच्चे के वीडियो के बाद बिजली कंपनी के अधिकारियों ने चुप्पी साध ली है। पुलिस की ओर से घटना की पुष्टि की गई है, लेकिन कोई शिकायत न मिलने की बात कही गई।