
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। शहर के नागझिरी चौराहे पर सोयाबीन प्लांट के सामने रविवार रात एक मकान और उससे लगी हार्डवेयर दुकान आग की चपेट में आ गए। हादसे के वक्त मकान में फंसे एक बुजुर्ग को पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बाहर निकाले जाने के बाद बुजुर्ग को मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस से प्राथमिक इलाज के लिए चरक अस्पताल ले जाया गया। आग में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही कलेक्टर समेत प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस और नगर निगम का फायर ब्रिगेड अमला घटनास्थल पर पहुंच गया। आग पर काबू पाने के लिए छह से ज्यादा दमकल वाहन लगाए गए हैं।
आग लगने के समय मकान के भीतर लोगों के मौजूद होने की आशंका जताई जा रही थी। इसी दौरान जानकारी मिली कि एक बुजुर्ग अंदर फंसे हैं। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने जान जोखिम में डालकर उन्हें बाहर निकाला। बुजुर्ग को अस्पताल भेजने के बाद भी मकान के अंदर आग बुझाने और हालात पर निगरानी का काम चलता रहा।
यह भी पढ़ें- उमरिया में दीवाली की रात हादसों का कहर: दो सड़क दुर्घटनाओं में युवक की मौत, महिला समेत दो गंभीर
आग की भयावहता को देखते हुए एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति रोक दी गई। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो सकी है।