

नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। जिले की नानाखेड़ा पुलिस ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवक को हनी ट्रैप में फंसाने, अपहरण कर अश्लील वीडियो बनाने और 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बुधवार को मुख्य आरोपित सहित 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि युवती और एक अन्य आरोपित अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, नरवर निवासी हैदर पटेल की भोपाल निवासी अंजली ठाकुर से इंस्टाग्राम पर पहचान हुई थी। 18 जुलाई को काम के बहाने अंजली उज्जैन पहुंची तो, हैदर उसे लेने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचा।
दोनों कार से जा रहे थे तभी रास्ते में खुद को बजरंग दल का कार्यकर्ता बताने वाले कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोपितों ने हैदर के साथ मारपीट की और उसकी आंखों पर पट्टी बांधकर अज्ञात स्थान पर ले गए, वहां उसके अश्लील वीडियो बनाए और 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी।
स्वजन से बातचीत के बाद 26 लाख रुपये में सौदा तय हुआ, लेकिन परिवार केवल 10 लाख रुपये ही जुटा सका। आरोपितों ने 10 लाख रुपये लेने के बाद हैदर की कार, सोने की चेन और घड़ी रख ली और शेष रकम के लिए दबाव बनाने लगे।
थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव के अनुसार मामले में लोकेश शर्मा, राजपाल सिंह राठौड़, पंकज बमोरिया, यशवंत देवड़ा, आर्यन राठौर, लखन पंवार, इदरीश पटेल, इमरान उर्फ राजा पटेल, जयसिंह चौहान और आयुष जाटव को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपित उज्जैन जिले के रहने वाले हैं। दीपक राजपूत और अंजली ठाकुर अभी फरार हैं उनकी तलाश की जा रही है।
आरोपितों ने बताया कि वे ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे जिनके पास हाल में धन आया हो। पुलिस नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों को आशंका है कि गिरोह ने पहले भी ऐसी वारदातें की होंगी। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Bhopal में छह महीने से नए गैस कनेक्शन बंद, 6 हजार परिवार परेशान; कालाबाजारी में महंगे दामों पर बिक रहे सिलिंडर