
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को उज्जैन के श्री क्षेत्र वाल्मीकि धाम आश्रम पहुंचकर जाहरवीर गोगादेवजी की छड़ियों का पूजन किया। उन्होंने आश्रम परिसर स्थित सोहनदासजी की समाधि पर भी मत्था टेका एवं पुष्प अर्पित कर सुख समृद्धि की कामना की।
आश्रम पीठाधीश्वर राज्यसभा सदस्य संत उमेशनाथ महाराज ने मुख्यमंत्री को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। शाम को ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में भगवान महाकाल व गोगादेवजी का मिलन कराया गया। इसके बाद मंदिर से विशाल छड़ी चल समारोह जूना सोमवारिया स्थित श्री वाल्मीकिधाम आश्रम के लिए रवाना हुआ।
चल समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से उज्जैन पहुंचीं 200 से अधिक छड़ियां शामिल की गईं। साथ ही देशभर से आए भगत, उस्ताद, खलीफा का सांफा बांधकर सत्कार किया गया। रात 10 बजे के बाद वाल्मीकि धाम में गोगा गायन हुआ।
रक्षाबंधन पर महाकालेश्वर मंदिर में कार्यरत कोर कंपनी की महिला सुरक्षाकर्मी एवं महिला सफाई मित्रों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को रखी बांधी। उन्होंने 20 फीट की विशेष राखी तैयार कराई थी। सीएम ने भी भेंट देकर बहनों के स्नेह का सम्मान किया। साथ ही हाथ जोड़कर सभी को धन्यवाद कहा।
यह भी पढ़ें- छात्रसंघ चुनाव के मॉडल पर फंसा पेंच, उच्च शिक्षा विभाग ने शासन को सौंपे प्रस्ताव, अंतिम मुहर लगाएंगे CM मोहन यादव