
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। दीपावली के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन के नागझिरी थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के साथ दीपोत्सव की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सहित उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ समय बिताकर उनका उत्साहवर्धन किया।
नागझिरी थाने में जवानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस बल समाज के लिए सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का अनुकरणीय उदाहरण है। उन्होंने जवानों के जज्बे को नमन करते हुए कहा कि त्योहारों के समय जब पूरा शहर और समाज उत्सव के उल्लास में डूबा रहता है, तब पुलिसकर्मी अपने परिवारों और व्यक्तिगत खुशियों से दूर रहकर नागरिकों की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने का दायित्व निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मियों का यह त्याग और कर्तव्यभाव अत्यंत सराहनीय है। उनके इसी समर्पण की बदौलत आम नागरिक निर्भय होकर त्योहार मना पाते हैं। थाने पहुंचे मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया, जिसके बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों से संवाद कर दीपोत्सव की बधाई दी और कर्तव्य के साथ-साथ परिवार का भी ध्यान रखने की प्रेरणा दी।
यह भी पढ़ें- त्योहारों को लेकर भोपाल नगर निगम अलर्ट, पटाखा बाजारों में तैनात रहेंगी दमकलें, छठ के लिए 54 घाटों पर सफाई