उज्जैन से पौने दो करोड़ के 201 मोबाइल चुराकर मुंबई में बेचे, पुलिस को नहीं मिला खरीददार; आरोपियों की रिमांड बढ़ी
उज्जैन के फ्रीगंज से पौने दो करोड़ के 201 मोबाइल चोरी में माल बरामद नहीं हुआ। मुंबई-गुजरात में तलाश के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों का रिमांड तीन दिन बढ़ाया।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 07:55:44 AM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 07:55:44 AM (IST)
उज्जैन में मोबाइल की बढ़ी चोरी। (एआई जनरेटेड)HighLights
- फ्रीगंज में ताले तोड़कर पौने दो करोड़ के 201 मोबाइल चोरी।
- नालगोंडा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए दोनों आरोपित।
- आरोपितों ने मुंबई के चोर बाजार में बेचे थे मोबाइल।
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन : फ्रीगंज के भगत सिंह मार्ग स्थित दो मोबाइल दुकानों के ताले तोड़कर 201 मोबाइल चोरी करने के मामले में पुलिस को अब तक न चोरी के मोबाइल मिले हैं और न ही उन्हें खरीदने वाले का सुराग लगा है। पुलिस आरोपितों को लेकर मुंबई और गुजरात तक तलाश कर चुकी है, लेकिन चोरी का माल बरामद नहीं हो सका। पुलिस ने दोनों आरोपितों का तीन दिन का रिमांड और बढ़वा लिया है।
नालगोंडा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर उज्जैन लाई थी पुलिस
- माधव नगर थाना क्षेत्र के भगत सिंह मार्ग स्थित एसएस मोबाइल सहित दो दुकानों के ताले तोड़कर बदमाश करीब पौने दो करोड़ रुपये कीमत के 201 मोबाइल चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की थी, लेकिन उनका पता नहीं चला।
बाद में हैदराबाद पुलिस ने चोरी के आरोप में मोहम्मद तबरेज पुत्र दाऊद शेख निवासी पवई मुंबई और मोहम्मद रफीक पुत्र अब्दुल मलिक निवासी हैदराबाद को गिरफ्तार किया था। दोनों को जेल भेजे जाने की जानकारी मिलने पर माधव नगर पुलिस की टीम नालगोंडा जेल पहुंची और उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर उज्जैन लेकर आई। यह भी पढ़ें- 200 रुपये की चोरी के शक में मां ने बेलन-चिमटे से पीटा, जलते चूल्हे पर रखा मासूम बेटी का पैर, केस दर्ज
मुंबई के चोर बाजार में बेचे मोबाइल, साथियों की तलाश जारी
- पूछताछ में दोनों ने फरहान निवासी मुंबई और रमेश के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी के मोबाइल मुंबई के चोर बाजार में बेच दिए थे। इस पर पुलिस टीम दोनों आरोपितों को लेकर मुंबई पहुंची और मोबाइल खरीदने वाले कालू की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस आरोपितों को लेकर गुजरात भी गई, लेकिन वहां भी उनके साथियों का सुराग नहीं मिला।
टीआइ गजेंद्र पचौरिया के अनुसार, चोरी के मोबाइल और वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। इसके लिए दोनों आरोपितों का रिमांड तीन दिन बढ़वाया गया है। उनसे फिर पूछताछ की जा रही है।