
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। दीपावली के उल्लास के बीच जिले में हुए भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। त्योहार की रात अलग-अलग क्षेत्रों में घटित दो सड़क दुर्घटनाओं में 24 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही राहत दल ने 108 एंबुलेंस की मदद से सभी हताहतों को जिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों हादसों के सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं और पुलिस जांच में जुटी है।
पहला हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत उमरिया-शहपुरा मार्ग पर पेश आया। दीपावली की रात हुए इस सड़क हादसे में ग्राम बसाड़ी निवासी जितेंद्र सिंह (24) की जान चली गई। हादसे में एक अन्य बाइक सवार भी घायल हुआ है, जिसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि जितेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही बसाड़ी गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें कौन-से वाहन शामिल थे।
दूसरी दुर्घटना दीपावली की देर शाम घंघरी तिराहे के पास घटित हुई। यहां हुई सड़क भिड़ंत में ग्राम मझगवां निवासी रविंद्र सिंह (55), पिता बृजबिहारी सिंह और प्रतिभा सिंह (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद दोनों अचेत अवस्था में सड़क किनारे मिले। महिला प्रतिभा सिंह के सिर में गहरी चोट लगने के कारण उनकी हालत बेहद चिंताजनक बताई जा रही है। 108 एंबुलेंस कर्मियों ने दोनों को त्वरित रूप से जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
दीपावली जैसे महापर्व पर एक ही रात में हुए इन दो गंभीर हादसों ने सड़कों पर यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। त्योहार के समय सड़कों पर अत्यधिक दबाव, बेलगाम रफ्तार और लापरवाही अक्सर जानलेवा साबित होती है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- त्योहारों को लेकर भोपाल नगर निगम अलर्ट, पटाखा बाजारों में तैनात रहेंगी दमकलें, छठ के लिए 54 घाटों पर सफाई