उमरिया में खेत में गेहूं की कटाई कर रहे किसान पर मधुमक्खियों ने किया अटैक, बचाओ- बचाओ चिल्लाते हुए वहीं चली गई जान
मधुमक्खियों के हमले के दौरान बुजुर्ग किसान काफी देर तक मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन सुनसान जगह होने के कारण समय पर कोई सहायता नहीं पहुंच सकी। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 12 Apr 2026 12:10:56 PM (IST)Updated Date: Sun, 12 Apr 2026 12:18:27 PM (IST)
मधुमक्खियों ने बुजुर्ग किसान को मारे इतने डंक की खेत में ही हो गई मौत। - प्रतीकात्मक तस्वीरHighLights
- इंदवार थाना क्षेत्र के पनपथा गांव में हुई दर्दनाक घटना
- मधुमक्खियों के हमले से वृद्ध किसान की हुई मौत
- सुनसान जगह पर समय पर नहीं पहुंच सकी कोई सहायता
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया, भरेवा। उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पनपथा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां खेत पर गेहूं की कटाई करने गए एक वृद्ध किसान की मधुमक्खियों के हमले से मौत हो गई। घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, गोविंद जायसवाल पिता चुनई जायसवाल उम्र 65 वर्ष अपने घर से कुछ दूरी पर मौजूद सोसायटी के करीब खेत में काम करने गए थे। खेत के पास एक बरगद के पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ था।
आक्रामक हो गईं मधुक्खियां
अचानक छत्ते से निकली मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और उन्होंने गोविंद पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मधुमक्खियों ने वृद्ध के शरीर पर झुंड बनाकर हमला किया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। हमले के दौरान गोविंद काफी देर तक मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन सुनसान जगह होने के कारण समय पर कोई सहायता नहीं पहुंच सकी।
अत्यधिक डंक लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना बाद में उनके घर पहुंची। खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।