
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। जिला अस्पताल में अज्ञात कारणों से आग लगने की घटना सामने आई है। आग अस्पताल के पूरे भवन में नहीं फैली, बल्कि एक हिस्से तक सीमित रहने की जानकारी है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। धुआं उठता देखकर बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन अस्पताल से बाहर निकलकर प्रांगण में आ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। फिलहाल आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अपुष्ट सूत्रों के अनुसार अस्पताल परिसर में स्थित ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट हुआ था, जिसके बाद आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। आग लगने की वास्तविक वजह और नुकसान का आकलन जांच के बाद ही सामने आएगा।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. केसी सोनी ने बताया कि आग की घटना विद्युत उपकरण तक ही सीमित रही। आग अस्पताल के अंदर और किसी भी वार्ड तक नहीं पहुंची। ट्रांसफार्मर का पैनल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, लेकिन अस्पताल में भर्ती सभी मरीज पूरी तरह सुरक्षित हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुरक्षा के मद्देनजर एहतियातन उन्हें कुछ वार्डों से बाहर निकाला गया था। धुएं के कारण घुटन की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही, लेकिन आग पर नियंत्रण होने से अस्पताल प्रबंधन ने राहत की सांस ली।
फिलहाल, इस घटना में किसी मरीज के घायल होने की सूचना नहीं है। ट्रांसफार्मर के पैनल में विस्फोट से विद्युत उपकरण को हुए नुकसान के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती गई।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में खड़ी कार में लगी आग, मची अफरा-तफरी