लाइव मौत का वीडियो... नवरात्रि विसर्जन में 'काली' बनकर नाच रहा था युवक, अचानक हार्ट अटैक से गई जान
जिले के जनपद पंचायत करकेली अंतर्गत ग्राम पठारी में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर सोमवार को जवारा विसर्जन जुलूस में काली नृत्य कर रहे एक युवक की हृदयाघात स ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 31 Mar 2026 10:40:52 PM (IST)Updated Date: Tue, 31 Mar 2026 10:40:52 PM (IST)
नवरात्रि विसर्जन में 'काली' बनकर नाच रहा था युवकHighLights
- ग्राम पठारी में जवारा विसर्जन जुलूस के दौरान काली नृत्य कर रहे युवक की मौत
- 40 वर्षीय रामगरीब कोल को नृत्य करते समय आया अचानक हार्ट अटैक
- सोशल मीडिया पर वायरल हुआ घटना का हृदयविदारक वीडियो, पूरे गांव में शोक
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। जिले के जनपद पंचायत करकेली अंतर्गत ग्राम पठारी में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर सोमवार को जवारा विसर्जन जुलूस में काली नृत्य कर रहे एक युवक की हृदयाघात से मौत हो गई। मंगलवार की शाम को घटना का वीडियो बहुप्रसारित होने के बाद यह घटना चर्चा का विषय बन गई। मृतक का नाम रामगरीब कोल, उम्र 40 वर्ष बताई गई है।
गांव में कलश विसर्जन कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक काली नृत्य का आयोजन किया गया था। गांव के ही निवासी रामगरीब कोल हर साल की तरह इस बार भी मां काली का रूप धारण कर प्रस्तुति दे रहे थे। चेहरे पर काली का रौद्र रूप धारण कर रखा था और बैंड-बाजे की गूंज पर उनका नृत्य भी पूरे शबाब पर था। सामने खड़े ग्रामीण उनकी प्रस्तुति को देखकर भाव-विभोर हो रहे थे। माहौल पूरी तरह भक्तिमय था।
नृत्य के दौरान अचानक लड़खड़ाया रामगरीब
नृत्य के दौरान अचानक रामगरीब लड़खड़ाए और गिर पड़े। शुरुआत में लोगों ने इसे अभिनय का हिस्सा समझा, लेकिन जब कुछ देर तक वह नहीं उठे, तो वहां मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। तुरंत कुछ लोग मंच पर पहुंचे और उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत गंभीर लग रही थी। ग्रामीणों ने बिना देर किए उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी की, लेकिन प्राथमिक जानकारी में ही उनकी मौत की पुष्टि हो गई। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में हृदयाघात (हार्ट अटैक) को मौत का संभावित कारण बताया है।
भक्तिमय माहौल में पसरा सन्नाटा
इस घटना के बाद पूरे कार्यक्रम का माहौल पल भर में बदल गया। जहां कुछ मिनट पहले तक जयकारों और संगीत की आवाज गूंज रही थी, वहीं अब हर तरफ सन्नाटा और गम का माहौल था। महिलाएं रोने लगीं, बच्चे सहम गए और पुरुष स्तब्ध खड़े रह गए। गांव वालों के मुताबिक, रामगरीब कोल धार्मिक आयोजनों में हमेशा बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे और खासकर काली नृत्य के लिए जाने जाते थे। उनका यह रूप और ऊर्जा लोगों को हर साल आकर्षित करती थी। इस बार भी लोगों को उनकी प्रस्तुति का बेसब्री से इंतजार था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह इंतजार ऐसी दर्दनाक याद में बदल जाएगा। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।