

डिजिटल डेस्क, उमरिया। ग्राम बरतराई में शनिवार देर रात हुई तेज बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दीं। अत्यधिक वर्षा के कारण गांव के पास स्थित पुल के ऊपर से तेज रफ्तार में पानी बहने लगा। पानी का बहाव इतना अधिक था कि पुल का ऊपरी हिस्सा बह गया। पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद गांव का मुख्य मार्ग से संपर्क बाधित हो गया और ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार रात में अचानक तेज बारिश शुरू हुई। कुछ ही देर में नालों और जलस्रोतों का पानी बढ़ने लगा और पुल के ऊपर से तेज धार के साथ पानी बहने लगा। पानी के तेज बहाव के कारण पुल का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर बह गया। इससे मार्ग पर आवागमन का रास्ता नहीं बचा है।
बताया गया है कि उक्त पुल का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कराया गया था। पुल के क्षतिग्रस्त होने से बरतराई के ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग बंद होने से जरूरी कामों के लिए गांव से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं, आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी परेशानी हो सकती है।
यह भी पढ़ें- निर्माणाधीन पुल अधूरा और बाइपास सड़क बनी दलदल: बिलासपुर-रतनपुर एनएच-45 पर 48 घंटे से भीषण जाम
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त पुल की तत्काल मरम्मत कराने तथा आवागमन बहाल करने की मांग की है। बारिश का दौर जारी रहने के कारण ग्रामीणों में पुल के आसपास आवागमन को लेकर भी चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा की दृष्टि से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।