नौकरी छोड़ी, बढ़ता गया कर्ज का बोझ; मोबाइल लोकेशन ने खोला राज, विदिशा में पेड़ पर लटका मिला युवक का शव
शहर की वैशाली विहार कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय युवक का शव मंगलवार दोपहर अहमदपुर बायपास क्षेत्र में एक पलाश के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। युवक सोमवार दोपह...और पढ़ें
By Ajay JainEdited By: bhupendra Singh Rajput Publish Date: Wed, 24 Jun 2026 04:06:48 PM (IST)Updated Date: Wed, 24 Jun 2026 04:08:14 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो, इंटरनेट मीडिया से ली गई है।HighLights
- युवक सोमवार से लापता था, मोबाइल लोकेशन के आधार पर शव तक पहुंची पुलिस
- अहमदपुर बायपास क्षेत्र में पलाश के पेड़ से फंदे पर लटका मिला शव
- आर्थिक या कर्ज संबंधी दबाव की आशंका, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। शहर की वैशाली विहार कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय युवक का शव मंगलवार दोपहर अहमदपुर बायपास स्थित एक पलाश के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। युवक सोमवार दोपहर से लापता था और परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी।
मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को उसकी तलाश में अहम सुराग मिला, जिसके बाद शव बरामद किया गया।
नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस के अनुसार वैशाली विहार निवासी बृजेन्द्र रघुवंशी मूल रूप से ग्राम कनारी के रहने वाले थे। सोमवार से उनका कोई पता नहीं चल रहा था। जांच के दौरान मोबाइल की अंतिम लोकेशन अहमदपुर बायपास क्षेत्र में मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पलाश के पेड़ से उनका शव लटका मिला।
इसके बाद शव को जिला अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया गया। सिविल लाइन थाना के एसआई भोजराज शर्मा ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
बैंक से लगातार आ रहे थे फोन
हालांकि परिजनों ने बताया कि मृतक को किसी बैंक से लगातार फोन आ रहे थे। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आर्थिक या कर्ज संबंधी दबाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया हो। बृजेन्द्र पहले एक निजी बैंक में कार्यरत थे और करीब एक वर्ष पहले नौकरी छोड़ने के बाद क्रेडिट कार्ड से जुड़ा कार्य कर रहे थे।
पुलिस को घटनास्थल से मृतक की मोटरसाइकिल भी मिली है। करीब 15 से 20 फीट लंबी रस्सी के सहारे फांसी लगाने की बात सामने आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।