विदिशा में पूर्व विधायक पर हत्या की साजिश का आरोप लगाने वाले किसान का हुआ अंतिम संस्कार, एसपी ने गठित की SIT
भोपाल के विदिशा में पूर्व विधायक शशांक भार्गव पर सनसनीखेज आरोप लगाने के बाद मृत मिले ग्राम बेहलोट के किसान गोविंद गुर्जर का मंगलवार को अंतिम संस्कार क ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 29 Apr 2026 01:49:15 PM (IST)Updated Date: Wed, 29 Apr 2026 01:51:37 PM (IST)
विदिशा में पूर्व विधायक पर हत्या की साजिश का आरोप लगाने वाले किसान का हुआ अंतिम संस्कार (AI फोटो)HighLights
- बेहलोट के किसान का अंतिम संस्कार कर दिया गया
- पूर्व विधायक पर लगाए आरोपों की जांच करेगी एसआईटी
- मामले में वीडियो की भी प्रामाणिक जांच कराई जाएगी
नवदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। पूर्व विधायक शशांक भार्गव पर सनसनीखेज आरोप लगाने के बाद मृत मिले ग्राम बेहलोट के किसान गोविंद गुर्जर का मंगलवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस बीच एसपी रोहित काशवानी ने किसान की मौत और उसके लगाए आरोपों की जांच के लिए लटेरी एसडीओपी अमरेश बोहरे के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित कर दिया है।
जीतू पटवारी ने न्यायिक जांच की मांग की
वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे जंगलराज बताते हुए आरोपों की न्यायिक जांच कराने की मांग की है। सोमवार को किसान गोविंद गुर्जर का शव रेल ट्रेक पर मिला था। उसके बाद किसान के बनाए पांच वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुए। इसमें आरोप लगाए गए कि पूर्व विधायक शशांक भार्गव उस पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और विदिशा विधायक मुकेश टंडन की हत्या करवाने का दबाव बना रहे हैं।
पूर्व विधायक पर पैसे दबा लेने के भी आरोप थे
उसने मना किया तो उसके साथ मारपीट कर प्रताड़ित किया जा रहा है। इस वीडियो में पूर्व विधायक पर किसान के पैसे दबा लेने के भी आरोप थे। इन आरोपों के चलते जिले की राजनीति भी गरमा गई। एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि मामले में वीडियो की भी प्रामाणिक जांच कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें- कलक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह की कोशिश, मिट्टी का तेल छिड़कर आग लगा रहा था पीड़ित, सुरक्षाकर्मियों ने बचाया
वहीं, पूर्व विधायक शशांक भार्गव ने मंगलवार को फिर दोहराया कि इस मामले में उन्हें फंसाया जा रहा है। किसान के आरोप पूरी तरह झूठे है। उन्होंने कहा कि वे बुधवार को पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना से मिलकर पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच कराने की मांग करेंगे ताकि सारी स्थिति स्पष्ट हो सके।