अकेले रह रहे चाचा को भोजन देने गई थी मासूम, हैवान चाचा ने किया दुष्कर्म
मंगलवार रात नौ बजे के करीब वह चाचा को खाना देने गई थी। उसी दौरान वह हैवान उसे झाड़ियों में खींच ले गया। बच्ची के 12 साल के भाई ने चाचा को झाड़ियों तरफ ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 04 Feb 2026 09:51:30 PM (IST)Updated Date: Wed, 04 Feb 2026 09:55:49 PM (IST)
विदिशा में बच्ची से दुष्कर्म।HighLights
- अपने ही आंगन में असुरक्षित हो रही हैं बेटियां।
- सड़क दुर्घटना में घायल पिता अस्पताल में भर्ती।
- बच्ची को घायल कर उसे झाड़ियों में छोड़ भागा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। विकृत मानसिकता वाले यौन अपराधियों से बेटियों का बचपन अपने ही आंगन में भी सुरक्षित नहीं है। जिले के गंजबासौदा शहर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक अपराधी मानसिकता वाले व्यक्ति ने अपनी 10 वर्षीय सगी भतीजी से दुष्कर्म किया है। बच्ची को बुरी तरह घायल कर उसे झाड़ियों में छोड़कर भाग गया। बच्ची को गंभीर हालत में विदिशा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि नाबालिग पीड़िता के पिता पिछले दिनों सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। वे अभी भोपाल के एक अस्पताल में भर्ती हैं। उसकी मां भी उसके साथ हैं, जिसके कारण नाबालिग अपने दो भाइयों के साथ घर में अकेली थी। आरोपित 23 वर्षीय चाचा का घर नाबालिग के घर के सामने ही है।
मंगलवार रात नौ बजे के करीब वह चाचा को खाना देने गई थी। उसी दौरान वह हैवान उसे झाड़ियों में खींच ले गया। बच्ची के 12 साल के भाई ने चाचा को झाड़ियों तरफ ले जाते हुए देखा था। एक घंटे बाद भी जब बहन नहीं लौटी तो भाई ने झाड़ियों में जाकर देखा, वहां वह लहूलुहान पड़ी हुई थी।
पड़ोसियों रात 11 बजे पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद विदिशा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने रात में ही करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आरोपित को एक खेत से गिरफ्तार कर लिया।