सुबह भोपाल जाने के लिए राज्यरानी एक्सप्रेस के बाद भी मिलेगी एक और ट्रेन की सुविधा, खजुराहो-भोपाल महामना एक्सप्रेस का समय बदला
विदिशा और गंजबासौदा के यात्रियों की लंबे समय से चल रही एक मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। अब यहां के रेल यात्रियों को सुबह भोपाल जाने के लिए राज्यरा...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 30 Jun 2026 07:16:49 PM (IST)Updated Date: Tue, 30 Jun 2026 07:19:53 PM (IST)
खजुराहो-भोपाल महामना एक्सप्रेस का समय बदला।HighLights
- हजारों दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलने जा रही
- खजुराहो से रोजाना सुबह 4:50 बजे प्रस्थान करेगी
- अतिरिक्त कोच जोड़ने जैसी मांगे भी जल्द पूरी होंगी
नवदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। विदिशा और गंजबासौदा के यात्रियों की लंबे समय से चल रही एक मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। अब यहां के रेल यात्रियों को सुबह भोपाल जाने के लिए राज्यरानी एक्सप्रेस के बाद भी एक ट्रेन की सुविधा बढ़ रही है। गाड़ी संख्या 22163/22164 भोपाल-खजुराहो महामना एक्सप्रेस की समय-सारिणी में बदलाव किया जा रहा है।
हजारों दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलने जा रही
इस प्रस्तावित बदलाव से बीना-भोपाल रेलखंड के हजारों दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। पश्चिम मध्य रेलवे (भोपाल मंडल) के मंडल रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति के सदस्य कमलेश सेन भी लंबे समय से इसकी मांग करते आ रहे थे। इस निर्णय का स्वागत करते हुए सेन ने इसे क्षेत्र के विकास के लिए एक बेहतर कदम बताया है।
खजुराहो से रोजाना सुबह 4:50 बजे प्रस्थान करेगी
नई समय-सारिणी के अनुसार, महामना एक्सप्रेस अब खजुराहो से रोजाना सुबह 4:50 बजे प्रस्थान करेगी और बीना, गंजबासौदा व विदिशा होते हुए सुबह 11:20 बजे भोपाल पहुंचेगी। वहीं, वापसी में यह ट्रेन भोपाल से रात 7:45 बजे रवाना होकर रात 3:30 बजे खजुराहो पहुंचेगी।
टीकमगढ़ सांसद वीरेंद्र खटीक ने भी मीडिया में ये जानकारी दी। इस बदलाव से बीना, मंडी बामोरा, गंजबासौदा और विदिशा जैसे प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
दैनिक यात्रियों को मिलेगा अतिरिक्त विकल्प
कमलेश सेन ने बताया कि नौकरीपेशा, विद्यार्थी अक्सर सुबह के समय भोपाल जाते हैं, विदिशा से सुबह 9.28 बजे दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस के बाद साढ़े 12 बजे तक भोपाल के लिए कोई ट्रेन नहीं थी, लेकिन अब महामना एक्सप्रेस मिलना शुरू हो जाएगी।