बगैर सूचना मेमू ट्रेनों के कोच कम होने से यात्री परेशान, विदिशा के यात्री ने डीआरएम को भेजा पत्र
रेलवे ने मेमू ट्रेन में कोचों की संख्या कम कर दी है जिससे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर बुधवार को मंडल रेल उपय ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 14 May 2026 03:14:07 PM (IST)Updated Date: Thu, 14 May 2026 03:25:25 PM (IST)
फाइल फोटो।HighLights
- रेलवे ने बिना पूर्व सूचना मेमू ट्रेनों में कोचों की संख्या 12 से घटाकर 8 कर दी
- भीषण गर्मी और बढ़ती भीड़ के बीच यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है
- मंडल रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति सदस्य ने डीआरएम को लिखा पत्र
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। रेलवे द्वारा बिना पूर्व सूचना के मेमू ट्रेनों में कोचों की संख्या कम किए जाने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। इस संबंध में मंडल रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति सदस्य कमलेश सेन ने बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), पश्चिम मध्य रेल भोपाल को पत्र भेजकर आपत्ति दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि रेलवे ने एक बार फिर मेमू ट्रेनों में कोचों की संख्या 12 से घटाकर आठ कर दी है। भीषण गर्मी और मांगलिक कार्यों के चलते इन दिनों ट्रेनों में यात्रियों की संख्या अधिक है, ऐसे में अचानक कोच कम होने से यात्रियों को भारी भीड़ और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
कमलेश सेन ने कहा कि पिछले वर्ष भी बिना पूर्व सूचना के कोचों की संख्या कम की गई थी। इस बार भी रेलवे ने यात्रियों को पहले से कोई जानकारी नहीं दी, जिससे परेशानी और बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें- सफर की यादें दिलाएंगी इनाम : भारतीय रेल की यात्रा वृत्तांत प्रतियोगिता शुरू, जीतें दस हजार तक का नकद पुरस्कार
अतिरिक्त कोच बढ़ाने की मांग
उन्होंने डीआरएम को भेजे मांग पत्र में मेमू ट्रेनों और राज्यरानी एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच बढ़ाने की मांग की है। साथ ही भविष्य में बिना सूचना कोच कटौती नहीं करने का आग्रह किया है।
सुविधाओं में हो सुधार
इसके अलावा उन्होंने विदिशा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग भी उठाई है। इनमें प्लेटफॉर्म क्रमांक दो और तीन पर टीन शेड निर्माण, वाटर कूलर स्थापना, टिकट काउंटर परिसर में नए सीलिंग फैन लगाने, नव निर्मित फुट ओवर ब्रिज का बंद मार्ग शुरू कराने, पार्किंग व्यवस्था सुधारने और बंद पड़े पेयजल नलों को चालू कराने की मांग शामिल है।
उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक से स्वयं विदिशा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रियों से सीधे संवाद करने का अनुरोध भी किया है, ताकि यात्रियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।