_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। जिले के त्योंदा थाना क्षेत्र में गर्भवती नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया कि बालिका का पहले अपहरण किया गया, फिर स्वजनों की मदद से जबरन बाल विवाह कराया गया। लगातार यौन शोषण के कारण वह गर्भवती हो गई थी।
उसकी असली उम्र और पहचान छिपाने के लिए जन्म प्रमाण पत्र में भी फर्जीवाड़ा कराया गया। बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई और मौत को सामान्य बताने की कोशिश की गई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित सहित उसके माता-पिता और नाना-नानी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को मुख्य आरोपित प्रशांत कुर्मी ने थाने में सूचना दी थी कि उसकी गर्भवती पत्नी की तबीयत बिगड़ गई थी और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मामले की जांच एसडीओपी गंजबासौदा शिखा भलावी ने की। शुरुआत में मौत को सामान्य बताने का प्रयास किया गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मर्ग जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
जांच में पता चला कि मुख्य आरोपित ने सात जनवरी 2026 को नाबालिग का अपहरण किया था। इस संबंध में सागर जिले के सानौधा थाने में अपहरण का मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद आरोपित ने बालिका को डराकर अपने पक्ष में बयान करवाया और अपने माता-पिता के साथ मिलकर जबरन बाल विवाह कर लिया। इसके बाद उसका लगातार यौन शोषण किया गया, जिससे वह गर्भवती हो गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बालिका की वास्तविक उम्र और पहचान छिपाने के लिए आरोपित के नाना-नानी ने जन्म प्रमाण पत्र में कूटरचना कराई। इसमें नाम और माता-पिता के विवरण तक बदल दिए गए थे। इस तरह अपहरण, बाल विवाह, यौन शोषण और दस्तावेजों में फर्जीवाड़े का पूरा मामला सामने आया।
पुलिस ने मुख्य आरोपित प्रशांत कुर्मी (21 वर्ष), उसके पिता प्रमोद कुर्मी (45 वर्ष), मां पार्वती कुर्मी (40 वर्ष), नानी जानकी बाई (60 वर्ष) और नाना खूब सिंह कुर्मी (63 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें- MP में 1400 करोड़ खर्च के बावजूद कुपोषण गंभीर... 6 महीने में 47 हजार बच्चे पुनर्वास केंद्रों में भर्ती