भेष बदलकर बिछाया जाल, चोर को पकड़ा; विदिशा के मेडिकल कॉलेज में सुरक्षाकर्मी सादे कपड़ों में मरीजों के परिजन बनकर घूमे
अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कालेज परिसर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बाद सुरक्षाकर्मियों ने अनोखी रणनीति अपनाई। चोरों को पकड़ने के लिए सुरक ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 13 May 2026 03:48:10 PM (IST)Updated Date: Wed, 13 May 2026 03:51:02 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्र। (इंटरनेट मीडिया)HighLights
- विदिशा के अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज में लगातार हो रहीं वाहन चोरियां
- डॉक्टर की स्कूटी चुराने की कोशिश कर रहे शातिर को गार्ड्स ने रंगे हाथ दबोचा
- आरोपी राजगढ़ का है, पुलिस अब चोरी की गई अन्य बाइकों की बरामदगी में जुटी
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज में लगातार हो रही वाहन चोरियों से परेशान सुरक्षाकर्मियों ने आखिरकार 'फिल्मी' दांव चला और चोरों को उनके ही खेल में मात दे दी। मंगलवार को सिविल ड्रेस में तैनात गार्ड्स ने एक शातिर चोर को तब दबोच लिया, जब वह डॉक्टर की स्कूटी का ताला मास्टर चाबी से खोलने की कोशिश कर रहा था।
'अटेंडर' बनकर पार्किंग में फैले सुरक्षाकर्मी
एक ही दिन में 4 बाइक चोरी होने के बाद पार्किंग की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे थे। इसके बाद सुरक्षा एजेंसी ने 'सीक्रेट मिशन' प्लान किया। 5-6 गार्ड्स को साधारण कपड़ों में तैनात किया गया। किसी ने गले में तौलिया डाल रखा था तो किसी ने मुंह बांधा हुआ था। वे मरीजों के स्वजन बनकर पूरे परिसर में घूमने लगे ताकि चोरों को भनक न लगे।
यह भी पढ़ें- अट्टा-सट्टा प्रथाः विदिशा में 22 साल की युवती और 15 साल के किशोर की हो रही थी शादी, तीनों जोड़े आपस में भाई-बहन थे
रंगे हाथ पकड़ा गया शातिर
दोपहर करीब डेढ़ बजे जब दो युवक स्कूटी के पास पहुंचे और मास्टर चाबी आजमाने लगे, तभी 'अटेंडर' बने गार्ड्स ने उन्हें घेर लिया। एक आरोपी तो पकड़ा गया, लेकिन उसके साथी भागने में सफल रहे। पकड़े गए युवक ने राजगढ़ का होना बताया है और कुछ अन्य चोरियों के सुराग भी दिए हैं।
राजगढ़ के एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों और चोरी की वारदातों के संबंध में जांच जारी है।- आनंद राज, थाना प्रभारी, कोतवाली