विदिशा में बस किराया बढ़ाने पर छात्रों से विवाद, कंडक्टर ने हाथ पकड़कर उतारा बाहर, छात्र पहुंचे थाने
विदिशा के आनंदपुर में बस किराया बढ़ने को लेकर छात्रों और कंडक्टर के बीच विवाद हुआ। विद्यार्थियों ने बदसलूकी और बस से उतारने का आरोप लगाया। पुलिस ने सम...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 12 Aug 2026 09:39:34 PM (IST)Updated Date: Wed, 12 Aug 2026 09:39:34 PM (IST)
विदिशा में बस किराया बढ़ाने पर छात्रों से विवाद। (एआई जनरेटेड)HighLights
- छात्रों ने बस कंडक्टर पर बदसलूकी का आरोप लगाया।
- कंडक्टर ने किराया पांच से दस रुपये मांगा।
- कुछ छात्रों को कथित तौर पर बस से उतारा।
नईदुनिया न्यूज, विदिशा। बस किराया बढ़ने के विवाद ने बुधवार को पीएम श्री शासकीय विद्यालय आनंदपुर के छात्र-छात्राओं को थाने तक पहुंचा दिया।
विद्यार्थियों ने पाटीदार बस के कंडक्टर पर बदसलूकी करने और कुछ छात्रों का हाथ पकड़कर बस से नीचे उतारने का आरोप लगाया है। सुबह शिकायत के बाद शाम को दोबारा विवाद होने पर पुलिस ने विद्यार्थियों को अपने वाहन से घर पहुंचाया।
10 रुपये किराये की मांग
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने बुधवार सुबह आनंदपुर थाने में लिखित शिकायत देकर बताया कि वे शाहपुर, गोलाखेड़ा, बादशाह, रामनगर सहित आसपास के गांवों से रोज बस से पांच रुपये किराया देकर स्कूल आते-जाते हैं। विद्यार्थियों के अनुसार कंडक्टर ने उनसे कहा कि जेब में 10 रुपये हों तभी बस में बैठना, अन्यथा बस में नहीं बैठाया जाएगा।
छात्रों को बस से नीचे उतारा
- शाम करीब 4:30 बजे बापचा चौराहे पर छुट्टी के बाद विद्यार्थी बस में सवार होने पहुंचे। कुछ छात्र बस में चढ़ गए, जबकि अन्य बाहर खड़े थे। इसी दौरान किराया बढ़ने का हवाला देते हुए कंडक्टर ने कथित तौर पर विद्यार्थियों से बदसलूकी की और कहा कि अब किराये में कोई रियायत नहीं मिलेगी।
- छात्रों का आरोप है कि कंडक्टर ने कुछ विद्यार्थियों का हाथ पकड़कर उन्हें बस से नीचे उतार दिया। इसके बाद विद्यार्थी फिर आनंदपुर थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें अपने वाहन से घर पहुंचाया।
पुलिस ने निकाला समाधान
थाना प्रभारी राकेश सिंह रघुवंशी ने बताया कि बस मालिक और कंडक्टर से बात की गई है। बस का किराया बढ़ा है, लेकिन स्कूली विद्यार्थियों से पुराना पांच रुपये किराया ही लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आगे परेशानी नहीं आने दी जाएगी।