विदिशा: चप्पल जोड़ते समय आंख में गिरा फेविक्विक; महिला की पलकें चिपकीं, डॉक्टरों ने बचाई रोशनी
ट्यूब खोलते समय अचानक फेविक्विक उछलकर महिला आंख में जा गिरा। कुछ ही देर में आंख की पलकें आपस में चिपक गईं और तेज जलन होने लगी।
By Ajay JainEdited By: bhupendra Singh Rajput Publish Date: Sat, 26 Sep 2026 11:19:50 PM (IST)Updated Date: Sat, 26 Sep 2026 11:19:50 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- विदिशा में महिला की आंख में चला गया फेविक्विक
- गाेंद गिरन से कुछ ही देर में पलकें आपस में चिपक गईं
- उपकरणों की मदद से आंख पर चिपका गोंद हटाया
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। चप्पल जोड़ने के लिए खरीदी गई पांच रुपये की फेविक्विक की ट्यूब 26 वर्षीय आरती रैकवार के लिए मुसीबत बन गई। ट्यूब खोलते समय अचानक फेविक्विक उछलकर उनकी आंख में जा गिरा। कुछ ही देर में आंख की पलकें आपस में चिपक गईं और तेज जलन होने लगी।
घबराए पति राजकुमार उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार आरती गंजबासौदा की रहने वाली हैं। वह पति के साथ विदिशा के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए आ रही थीं। रास्ते में चप्पल टूटने पर उन्होंने उसे ठीक करने के लिए फेविक्विक खरीदी। ट्यूब खोलते समय अचानक दबाव बनने से गोंद आंख में चला गया। इससे आंख खोलना मुश्किल हो गया।
आंख सुन्न कर निकाला गोंद
पति उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां नेत्र चिकित्सक ने पहले आंख को सुन्न किया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया और उपकरणों की मदद से आंख पर चिपका गोंद सावधानी से हटाया गया। जांच के बाद आरती को दवाएं और आई ड्रॉप दी गईं।
पानी से लगातार धोना चाहिए
जिला अस्पताल में पदस्थ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश साहू ने बताया कि उपचार के बाद महिला की स्थिति बेहतर है। उनका कहना था कि गोंद या किसी रसायन के आंख में जाने पर घबराकर आंख मलना नुकसान बढ़ा सकता है।
आंख को खुला रखते हुए साफ बहते पानी से लगातार धोना चाहिए। इसके बाद बिना देरी किए नेत्र चिकित्सक को दिखाना बेहतर है। आंख में अपने मन से कोई दवा या ड्रॉप नहीं डालना चाहिए।