देश के 1 करोड़ छात्रों को मिलेगी फ्री कोचिंग... JEE से लेकर NEET और UPSC तक सरकार का प्लान तैयार
भारी-भरकम फीस वसूलने वाले निजी कोचिंग संस्थानों से मध्यम वर्गीय और गरीब परिवारों को मुक्ति दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़े अभियान की शुरुआत की ह...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 25 Aug 2026 08:57:32 PM (IST)Updated Date: Tue, 25 Aug 2026 08:57:32 PM (IST)
स्कूलों-कॉलेजों से जुड़ेगा देश का सबसे बड़ा फ्री कोचिंग नेटवर्क।HighLights
- अब घर बैठे या CSC पर करें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी
- 24 घंटे डाउट सॉल्विंग के साथ मिलेगा मुफ्त कोचिंग का लाभ
- स्कूलों-कॉलेजों से जुड़ेगा देश का सबसे बड़ा फ्री कोचिंग नेटवर्क
डिजिटल डेस्क। भारी-भरकम फीस वसूलने वाले निजी कोचिंग संस्थानों से मध्यम वर्गीय और गरीब परिवारों को मुक्ति दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़े अभियान की शुरुआत की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 अगस्त को की गई घोषणा के बाद, अब देश भर के छात्रों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने के रोडमैप पर तेजी से काम शुरू हो गया है।
इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत 12वीं तक के स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों के कॉमन सर्विस सेंटर्स (CSC) को सीधे डिजिटल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।
शुरुआत में JEE और NEET-UG, भविष्य में SSC और UPSC की भी तैयारी
प्रस्तावित नए मुफ्त कोचिंग नेटवर्क के पहले चरण में नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET-UG) और जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (JEE) जैसी देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।
- इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का विस्तार कर बाद में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), कर्मचारी चयन आयोग (SSC) और अन्य प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रमों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
- वर्तमान में आईआईटी कानपुर के सहयोग से संचालित 'साथी' (SATHEE) पोर्टल की क्षमता सीमित है। नए प्लेटफॉर्म को इस प्रकार विकसित किया जा रहा है कि एक साथ 1 करोड़ से अधिक छात्र बिना किसी तकनीकी रुकावट के पढ़ाई कर सकें।
इंटरैक्टिव क्लासरूम और 24 घंटे डाउट सॉल्विंग सपोर्ट
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने हाल ही में शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें इस प्लेटफॉर्म को निजी कोचिंग संस्थानों से अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने पर सहमति बनी।
- यह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म केवल रिकॉर्डेड लेक्चर्स तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरी तरह से 'इंटरैक्टिव' होगा। छात्र पढ़ाई के दौरान अपने सवाल पूछ सकेंगे और उनके लिए 24 घंटे डाउट सॉल्विंग (संदेह निवारण) की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
- प्लेटफॉर्म के कंटेंट और अध्यापन स्तर को विश्वस्तरीय बनाने के लिए निजी क्षेत्र के विशेषज्ञों और देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के उत्कृष्ट शिक्षकों की सेवाएं ली जा रही हैं।
यह भी पढ़ें- क्या राजनीति से संन्यास लेंगे नितिन गडकरी? नागपुर में कहा- अब नई पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपने का समय; बयान से सियासी हलचल तेज
फरवरी में होने वाली JEE Main से पहले लॉन्चिंग की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, इस नए डिजिटल प्लेटफॉर्म की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इसे आगामी कुछ हफ्तों के भीतर ही आधिकारिक रूप से लॉन्च कर दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि फरवरी में आयोजित होने वाली जेईई मेन (JEE Main) परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
ग्रामीण और सुदूर इलाकों के छात्र, जिनके पास घर पर तेज इंटरनेट की सुविधा नहीं है, वे अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर इस मुफ्त कोचिंग सेवा का लाभ उठा सकेंगे।