दिल्ली में सामूहिक दुष्कर्म के बाद 16 साल की लड़की की हत्या, सीसीटीवी से खुला राज, टेंपो के रूट से आरोपितों तक पहुंची पुलिस, चार गिरफ्तार
बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में सामूहिक दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों समेत चार आरोपितों को पकड़ा है।
Publish Date: Fri, 18 Sep 2026 12:57:38 PM (IST)Updated Date: Fri, 18 Sep 2026 01:01:36 PM (IST)
HighLights
- पुलिस ने 50 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले
- बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके की घटना
- खुले मैदान में क्षत-विक्षत मिला था किशोरी का शव
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में सामूहिक दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों समेत चार आरोपितों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपितों के पास से दो चाकू, वारदात के समय पहने गए कपड़े और एक टेंपो बरामद किया है।
शुरुआत में पुलिस को शव किसी महिला का होने की जानकारी मिली थी। बाद में पहचान होने पर पता चला कि मृतका नाबालिग थी।
50 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त लोकेश वरन के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल के साथ आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। 50 से अधिक फुटेज खंगालने के दौरान घटना के आसपास एक संदिग्ध टेंपो की आवाजाही दिखाई दी।
पुलिस के अनुसार, अंधेरा होने के कारण टेंपो का नंबर स्पष्ट नजर नहीं आ रहा था। इसके बाद अलग-अलग कैमरों की फुटेज को जोड़कर टेंपो के रूट का पता लगाया गया। 15 सितंबर की रात टेंपो खड्डा कॉलोनी में खड़ा मिला।
इसके बाद चालक की पहचान कर उससे पूछताछ की गई। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तीन नाबालिगों समेत चार आरोपितों को पकड़ लिया।
पुलिस का दावा, एक आरोपी था किशोरी का कथित प्रेमी
पुलिस का दावा है कि पकड़े गए आरोपितों में से एक किशोरी का कथित प्रेमी था। पुलिस के अनुसार, उसने पहले अपने दोस्तों के साथ शराब पी और इसके बाद सभी ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपितों को आशंका थी कि घटना के बाद किशोरी उनके खिलाफ शिकायत कर सकती है। इसी के चलते आरोपितों ने चाकू मारकर किशोरी की हत्या कर दी।
खुले मैदान में क्षत-विक्षत मिला था शव
13 सितंबर की सुबह स्वरूप नगर थाना पुलिस को कुशक रोड स्थित लाल बाउंड्री के पास जयपाल राणा के खेत के समीप खुले मैदान में क्षत-विक्षत हालत में शव मिला था। पुलिस के अनुसार, जानवरों ने शव को नोंच खाया था। इस वजह से शुरुआत में मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी।
पहचान की प्रक्रिया आगे बढ़ने पर पता चला कि मृतका नाबालिग थी
क्राइम और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बाद में शव की पहचान महिला के तौर पर की गई। हालांकि, पहचान की प्रक्रिया आगे बढ़ने पर पता चला कि मृतका नाबालिग थी।