ईरान के भीषण हमलों के बीच पीएम मोदी ने की यूएई के राष्ट्रपति से बात, बोले- मुश्किल समय में भारत साथ खड़ा है
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पर हुए ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों की कड़े शब्दों ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 02 Mar 2026 04:05:41 AM (IST)Updated Date: Mon, 02 Mar 2026 04:09:58 AM (IST)
पीएम मोदी में UAE पर हमले की निंदा की। (पीटीआई)HighLights
- पीएम मोदी ने यूएई पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है
- पीएम मोदी ने की UAE के राष्ट्रपति अल नाहयान से की बात
- भारत इस समय यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है- पीएम मोदी
डिजिटल डेस्क। खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पर हुए ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है। पीएम मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से टेलीफोन पर चर्चा कर भारत के पूर्ण समर्थन और एकजुटता का भरोसा दिलाया।
हमले पर भारत ने अपनाया कड़ा रुख
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत इस कठिन समय में अपने मित्र देश यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने हमलों में हुए जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया।
पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत इस क्षेत्र में तनाव कम करने और शांति, सुरक्षा व स्थिरता बनाए रखने का पुरजोर समर्थन करता है। साथ ही, उन्होंने वहां रह रहे विशाल भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यूएई के राष्ट्रपति का आभार भी व्यक्त किया।
हताहतों में कई भारतीय शामिल
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पिछले दो दिनों में हुए इन हमलों में तीन लोगों की मौत हुई है और 58 लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। यूएई में भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि घायल भारतीय नागरिक खतरे से बाहर है और उसे हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है। बता दें कि यूएई में लगभग 35 लाख से अधिक भारतीय प्रवासी रहते हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर-शारजाह उड़ान दूसरे दिन भी रही निरस्त, यूएई में अटके यात्री, युद्ध के हालात के कारण खाड़ी देशों के टूर हो रहे कैंसिल
UAE की रक्षात्मक कार्रवाई
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने हमलों की भयावहता की जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने एक बड़े हवाई खतरे को टाल दिया है। आंकड़ों के अनुसार, यूएई ने 165 बैलिस्टिक मिसाइलों में से 152 को और 541 ईरानी ड्रोनों में से 506 को हवा में ही मार गिराया।
क्षेत्र में सुरक्षा की गंभीर स्थिति को देखते हुए अमेरिका ने भी अपने दूतावास कर्मियों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है।