'तय कर लो भूगोल का हिस्सा रहना है या इतिहास बनना है...' आर्मी चीफ ने पाकिस्तान को दी चेतावनी
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को आतंकवाद को लेकर कड़ा संदेश दिया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 16 May 2026 04:21:05 PM (IST)Updated Date: Sat, 16 May 2026 04:21:05 PM (IST)
आर्मी चीफ ने पाकिस्तान को दी चेतावनीHighLights
- सेना प्रमुख ने पाकिस्तान को दी कड़ी चेतावनी
- ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे हालात पर मजबूत जवाब का दावा
- आतंकवाद पर भारत ने दिखाई सख्त नीति
डिजिटल डेस्क। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को आतंकवाद को लेकर कड़ा संदेश देते हुए साफ कहा है कि अगर उसने भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों को समर्थन देना बंद नहीं किया, तो उसे तय करना होगा कि वह भूगोल का हिस्सा बना रहना चाहता है या इतिहास का हिस्सा बनना चाहता है।
दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम के दौरान जनरल द्विवेदी ने यह बयान दिया। कार्यक्रम में उनसे पूछा गया कि अगर फिर से ऑपरेशन सिंदूर जैसी स्थिति बनती है, तो भारतीय सेना की प्रतिक्रिया क्या होगी।
सेना मजबूती के साथ जवाब देगी
इस सवाल के जवाब में सेना प्रमुख ने कहा कि यदि देश के खिलाफ दोबारा वैसी परिस्थितियां पैदा होती हैं, तो भारतीय सेना पहले की तरह ही नहीं बल्कि उससे भी अधिक मजबूती के साथ जवाब देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत आतंकवाद के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरतेगा।
जनरल द्विवेदी ने कहा कि पाकिस्तान को अपनी नीतियों में बदलाव करना होगा। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब देश ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ मना रहा है।
ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान का हाल किया था बेहाल
गौरतलब है कि पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इस ऑपरेशन के तहत पाकिस्तान में मौजूद कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच लगभग 88 घंटे तक सैन्य तनाव बना रहा था। बाद में 10 मई को दोनों पक्षों के बीच समझौते के बाद स्थिति सामान्य हुई थी।
सेना प्रमुख का यह बयान पाकिस्तान के लिए एक स्पष्ट चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है कि भारत अपनी सुरक्षा और आतंकवाद के मुद्दे पर किसी भी तरह का समझौता करने के मूड में नहीं है।
यह भी पढ़ें- महंगाई की चौतरफा मार... अब रेस्टोरेंट्स भी बढ़ाएंगे कीमतें, 5-10% महंगा होगा बाहर का खाना