_m.webp)
डिजिटल टीम, नई दिल्ली। चार ज्योतिर्लिंग और शिरड़ी में साईं बाबा के दर्शनों की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंगलवार को बेतिया से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन रवाना हो गई।
आईआरसीटीसी की ओर से संचालित ज्योतिर्लिंग एवं श्री साईं दर्शन धार्मिक यात्रा के तहत श्रद्धालु आठ रात और नौ दिनों के आध्यात्मिक सफर पर निकले हैं।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने की शुरुआत
ट्रेन के प्रस्थान से पहले आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक कन्हैया लाल शर्मा ने फीता काटकर यात्रा की शुरुआत की। इस मौके पर मुख्य पर्यवेक्षक संजीव कुमार, कंसल्टेंट दिलीप सिंह समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे।
मुख्य पर्यवेक्षक संजीव कुमार ने बताया कि 8 रात और 9 दिनों की इस यात्रा में श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
यात्रा के दौरान उज्जैन के महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, नासिक के त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, शिरडी के साईं बाबा मंदिर तथा छत्रपति संभाजीनगर के घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी की भतीजी की मौत, घर में फंदे से लटका मिला शव
प्रमुख स्टेशनों पर बोर्डिंग की व्यवस्था
यात्रियों की सुविधा के लिए रक्सौल से प्रयागराज छिवकी तक 12 प्रमुख स्टेशनों पर बोर्डिंग की व्यवस्था की गई है। इनमें रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, दिलदारनगर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और प्रयागराज छिवकी स्टेशन शामिल हैं।
ट्रेन में भजन-कीर्तन की सुविधा
भारत गौरव ट्रेन में यात्रियों की धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर की भी व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन कर सकेंगे। यात्रियों के भोजन के लिए पैंट्री कार की सुविधा उपलब्ध है, जहां धार्मिक नियमों के अनुरूप तैयार भोजन और प्रसाद उपलब्ध कराया जाएगा।