पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिले 1,472 करोड़ रुपये, असम में सबसे ज्यादा खर्च
विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के चुनावी खर्च और प्राप्त राशि का ब्योरा सामने आया है।
Publish Date: Wed, 09 Sep 2026 01:09:58 PM (IST)Updated Date: Wed, 09 Sep 2026 01:11:34 PM (IST)
HighLights
- असम में सबसे ज्यादा 96.3 करोड़ रुपये खर्च
- स्टार प्रचारकों की यात्रा पर 27.3 लाख खर्च
- तमिलनाडु में प्रचार के लिए 44.5 करोड़ रुपये
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के चुनावी खर्च और प्राप्त राशि का ब्योरा सामने आया है। चुनाव आयोग को सौंपे गए विवरण के मुताबिक, पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए बीजेपी को कुल 1,472.8 करोड़ रुपये मिले।
पार्टी की वित्तीय स्थिति की बात करें तो 15 मार्च 2026 को बीजेपी का बैलेंस 6,722.6 करोड़ रुपये था। वहीं, 6 मई 2026 को चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह बढ़कर 7,627.2 करोड़ रुपये हो गया।
असम में सबसे ज्यादा 96.3 करोड़ रुपये खर्च
बीजेपी ने असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के दौरान कुल 160 करोड़ रुपये खर्च किए। इस खर्च में पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय के साथ संबंधित राज्यों और जिला इकाइयों का खर्च भी शामिल है। तीनों राज्यों में सबसे अधिक खर्च असम में 96.3 करोड़ रुपये हुआ।
इसके बाद तमिलनाडु में 51.6 करोड़ रुपये और पुडुचेरी में 11.9 करोड़ रुपये खर्च किए गए। पार्टी ने आम चुनाव प्रचार पर करीब 130.4 करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि 29.6 करोड़ रुपये उम्मीदवारों को एकमुश्त भुगतान करने और उनके आपराधिक रिकॉर्ड के प्रचार पर खर्च हुए।
स्टार प्रचारकों की यात्रा पर 27.3 लाख खर्च
असम में बीजेपी के चुनावी खर्च के आंकड़ों के अनुसार, पार्टी ने सामान्य प्रचार पर 76.7 करोड़ रुपये खर्च किए। इसमें केंद्रीय इकाई की ओर से खर्च किए गए 23.1 करोड़ रुपये और उम्मीदवारों पर खर्च हुए 19.5 करोड़ रुपये भी शामिल हैं।
वहीं, स्टार प्रचारकों की यात्रा पर 27.3 करोड़ रुपये, विज्ञापनों पर 37 करोड़ रुपये, प्रचार सामग्री पर 8.9 करोड़ रुपये और राज्य इकाई के अन्य खर्चों पर 2.3 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
असम में उम्मीदवारों को कुल 19.4 करोड़ रुपये का एकमुश्त भुगतान किया गया। इसके अलावा उम्मीदवारों के आपराधिक रिकॉर्ड प्रकाशित करने पर 16.7 लाख रुपये खर्च हुए।
तमिलनाडु में प्रचार के लिए 44.5 करोड़ रुपये
तमिलनाडु में बीजेपी ने सामान्य पार्टी प्रचार के लिए 44.5 करोड़ रुपये खर्च करने की मंजूरी दी थी। इसके अलावा उम्मीदवारों पर करीब 7 करोड़ रुपये खर्च किए गए। फिलहाल पश्चिम बंगाल और केरल में बीजेपी के चुनावी खर्च का ब्योरा चुनाव आयोग की ओर से सार्वजनिक नहीं किया गया है।
इससे पहले इन्हीं विधानसभा चुनावों को लेकर जारी कांग्रेस के खर्च संबंधी विवरण में पार्टी ने कुल 248.6 करोड़ रुपये खर्च होने की जानकारी दी थी।