
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। नीट एग्जाम 2026 (NEET-UG 2026) परीक्षा के बायोलॉजी पेपर लीक मामले में सीबीआई ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ बॉटनी शिक्षिका मनीषा गुरुनाथ मंडहरे को गिरफ्तार किया है। मूल रूप से महाराष्ट्र के पुणे की रहने वाली मनीषा मंडहरे को दिल्ली से पकड़ा गया। जांच एजेंसी के अनुसार वह नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा परीक्षा प्रक्रिया में एक्सपर्ट के तौर पर नियुक्त थीं।
CBI जांच में सामने आया कि मनीषा मंडहरे को NEET-UG 2026 परीक्षा के बॉटनी और जूलॉजी प्रश्नपत्रों तक पूरी पहुंच प्राप्त थी। एजेंसी के मुताबिक अप्रैल 2026 में उन्होंने पुणे की मनीषा वाघमारे के माध्यम से कई छात्रों को इकट्ठा किया। मनीषा वाघमारे को सीबीआई पहले ही 14 मई को गिरफ्तार कर चुकी है।
जांच एजेंसियों के अनुसार मनीषा मंडहरे ने अपने पुणे स्थित घर पर विशेष कोचिंग क्लास संचालित की। इन कक्षाओं में छात्रों को बॉटनी और जूलॉजी के संभावित सवाल बताए गए, नोट्स लिखवाए गए और किताबों में महत्वपूर्ण प्रश्नों को मार्क करवाया गया। बाद की जांच में पाया गया कि इन सवालों में से अधिकांश 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा के वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाते थे।
सीबीआई ने पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में छह अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की है। कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, लैपटॉप, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। एजेंसी फिलहाल जब्त किए गए सामान की गहन जांच कर रही है।
#WATCH | Delhi | Accused in the NEET(UG) exam paper leak case, Manisha Waghmare and PV Kulkarni were brought to the Rouse Avenue Court.
The Court reserved the order on 14 days custody of both accussed, and will pronounce the order at 5 pm. pic.twitter.com/9ApKECKruB
— ANI (@ANI) May 16, 2026
सीबीआई ने यह मामला 12 मई 2026 को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत के आधार पर दर्ज किया था। जांच के दौरान दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से अब तक कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से पांच आरोपियों को अदालत ने सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।
सीबीआई के अनुसार जांच में केमिस्ट्री और बायोलॉजी पेपर लीक के स्रोत और छात्रों को जोड़ने वाले कई बिचौलियों की पहचान हो चुकी है। एजेंसी ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष और पेशेवर तरीके से जांच जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें- नीट पेपर लीक का सीहोर कनेक्शन... गिरफ्तार आरोपी शुभम निकला सत्यसाई यूनिवर्सिटी का छात्र