विवाद बढ़ने पर तमिलनाडु के सीएम विजय ने ज्योतिषी राधन पंडित को OSD पद से हटाया, जयललिता से भी जुड़ चुका है नाम
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने ज्योतिषी राधन पंडित वेट्रिवेल को मुख्यमंत्री कार्यालय में दिए गए ओएसडी (राजनीतिक) पद से हटा दिया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 13 May 2026 02:06:39 PM (IST)Updated Date: Wed, 13 May 2026 02:07:10 PM (IST)
तमिलनाडु के सीएम जोसेफ विजय और ज्योतिष राधन पंडित। (फाइल फोटो)HighLights
- सहयोगी दल के विरोध के बाद लिया गया निर्णय
- विजय की चुनावी जीत की भविष्यवाणी की थी
- विजय के साथ कार यात्रा भी चर्चा में रही थी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने ज्योतिषी राधन पंडित वेट्रिवेल को मुख्यमंत्री कार्यालय में दिए गए ओएसडी (राजनीतिक) पद से हटा दिया है। इस संबंध में तमिलनाडु सरकार की ओर से आधिकारिक आदेश जारी किया गया। आदेश में कहा गया है कि राधन पंडित वेट्रिवेल की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से समाप्त की जाती है।
सहयोगी दल के विरोध के बाद लिया गया निर्णय
राधन पंडित वेट्रिवेल को हाल ही में मुख्यमंत्री विजय के राजनीतिक स्टाफ में शामिल किया गया था। हालांकि उनकी नियुक्ति को लेकर विपक्ष के साथ-साथ सत्तारूढ़ गठबंधन के सहयोगी दल विदुथलाई चिरुथाइगल काची (VCK) ने भी नाराजगी जताई थी। बताया जा रहा है कि वीसीके ने विजय सरकार को समर्थन देते हुए अपनी दो सीटें दी हैं।
विजय की चुनावी जीत की भविष्यवाणी की थी
इस फैसले के पीछे टीवीके नेता सीटी निर्मल कुमार का हालिया बयान भी अहम माना जा रहा है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा था कि राधन पंडित ने विजय की चुनावी जीत की भविष्यवाणी की थी और उनकी सलाह पर ही मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की तारीख में बदलाव किया गया था।
कौन हैं राधन पंडित?
राधन पंडित वेट्रिवेल ज्योतिष और अंकशास्त्र के क्षेत्र में करीब 40 वर्षों का अनुभव रखते हैं। वे लंबे समय से विजय के करीबी माने जाते हैं। चुनाव से पहले उन्होंने दावा किया था कि अभिनेता से राजनेता बने विजय भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि “विजय के नाम की सुनामी आने वाली है।”
विजय के साथ कार यात्रा भी चर्चा में रही थी
सोशल मीडिया पर उनके कई वीडियो वायरल हुए थे, जिनमें वे विजय के राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ी भविष्यवाणियां करते नजर आए। तिरुचेंदूर मंदिर यात्रा के दौरान विजय के साथ उनकी कार यात्रा भी काफी चर्चा में रही थी। चुनाव परिणाम आने के बाद राधन पंडित ने विजय के आवास पहुंचकर उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट कर जीत की बधाई दी थी।
जयललिता से भी जुड़ चुका है नाम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राधन पंडित वेट्रिवेल पूर्व मुख्यमंत्री और एआईएडीएमके की दिवंगत नेता जे. जयललिता के भी ज्योतिषी रह चुके हैं। उन्होंने तमिलनाडु की राजनीति को लेकर कई भविष्यवाणियां की थीं। एम. के. स्टालिन के बारे में भी उन्होंने कहा था कि उनके ग्रह अनुकूल नहीं हैं और उन्हें राजनीतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।