
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सेन्ट्रल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (CTET September 2026) में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट है। सेन्ट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने 6 सितंबर 2026 को प्रस्तावित CTET परीक्षा स्थगित कर दी है। सीबीएसई ने इसकी जानकारी ऑफिशियल वेबसाइट ctet.nic.in पर जारी नोटिस के माध्यम से दी है।
CBSE ने उन अभ्यर्थियों को आवेदन का एक और अवसर दिया है, जो पहले CTET September 2026 के लिए आवेदन नहीं कर सके थे। आवेदन विंडो 25 अगस्त 2026 से 1 सितंबर 2026 तक खुली रहेगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार निर्धारित अवधि में ctet.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जो अभ्यर्थी पहले ही CTET September 2026 के लिए आवेदन कर चुके हैं, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।
सीबीएसई के नोटिस के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया पूरी होने और पोर्टल बंद होने के बाद CTET परीक्षा की नई तारीख घोषित की जाएगी। परीक्षा के लिए सिटी स्लिप निर्धारित परीक्षा तिथि से 10 से 15 दिन पहले जारी की जाएगी। वहीं, एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से 4 दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध होगा।

CTET परीक्षा स्थगित करने और नए उम्मीदवारों को आवेदन का अवसर देने का फैसला सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद लिया गया है। सीबीएसई के नोटिस में कहा गया है कि माननीय सुप्रीम कोर्ट ने सिविल अपील नंबर 1385/2025 में रिव्यू पिटीशन (सिविल) डायरी नंबर 53434/2025 पर दिए फैसले में योग्य शिक्षकों को निर्धारित TET योग्यता हासिल करने की कानूनी आवश्यकता पूरी करने के लिए उचित अवसर देने पर जोर दिया है। इसी को ध्यान में रखते हुए सीबीएसई ने 25 अगस्त 2026 से 01 सितंबर 2026 तक CTET आवेदन पोर्टल दोबारा खोलने का निर्णय लिया है।