चक्रवात ‘अर्णब’ से 9 लोगों की मौत, आंध्र प्रदेश में भारी तबाही, छत्तीसगढ़ सहित चार राज्यों के सीएम से शाह ने की बात
चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ से हुई तबाही के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति का जायजा लिया है।
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 01:51:48 PM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 01:51:48 PM (IST)
HighLights
- 125 से 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तट से टकराया तूफान
- 20 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
- अमित शाह ने राज्य को हर संभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ से हुई तबाही के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति का जायजा लिया है। उन्होंने आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात की और प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
गृह मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।
125 से 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तट से टकराया तूफान
चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ बुधवार तड़के 125 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंध्र प्रदेश के तट से टकराया। इसके बाद यह आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के यानम के बीच तटीय क्षेत्र से गुजरा। तूफान का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश में देखने को मिला है। यहां अब तक करीब नौ लोगों की मौत हो चुकी है।
20 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण राज्य के तटीय जिलों में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। हजारों पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, जबकि कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। तूफान के कारण 20 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इसके अलावा करीब दो लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें बर्बाद होने की जानकारी सामने आई है।
अमित शाह ने चार राज्यों के सीएम से की बात
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत की है। उन्होंने लिखा, ‘चक्रवात अर्नब के मद्देनजर, मैंने आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बात की है। मैंने उन्हें भरोसा दिलाया है कि इस आपदा के समय लोगों की कठिनाइयों को कम करने के लिए हर संभव मदद दी जाएगी।’
NDRF और SDRF की टीमें सक्रिय हैं
राहत एवं बचाव कार्यों का उल्लेख करते हुए अमित शाह ने कहा कि NDRF और SDRF की टीमें सक्रिय हैं और युद्ध स्तर पर अभियान चला रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि चक्रवात से हुए नुकसान का आकलन करने और आगे की सहायता की जरूरतों का निर्धारण करने के लिए जल्द ही अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीमें (IMCT) भेजी जाएंगी। उन्होंने कहा कि भारत सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने केंद्र से मांगी मदद
चक्रवात से हुए व्यापक नुकसान के बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने केंद्र सरकार से सहायता मांगी है। गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य को हर संभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। वहीं, ओडिशा में तूफान के प्रभाव से 17 जिले प्रभावित हुए हैं।
हालांकि, राज्य में अब तक किसी की मौत की खबर नहीं है। दूसरी ओर, झारखंड में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम की स्थिति को देखते हुए शुक्रवार सुबह तक राज्य के छह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।