दिल्ली में फिर निर्भया जैसा कांड... बस ड्राइवर और हेल्पर ने महिला से किया गैंगरेप, पैदल घर जाते समय बस में खींचा
पश्चिमी दिल्ली के नांगलोई में निजी बस के ड्राइवर और हेल्पर ने महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बस जब्त कर ली है। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 14 May 2026 10:43:36 AM (IST)Updated Date: Thu, 14 May 2026 12:51:47 PM (IST)
पश्चिमी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को गहरा झटका। (फोटो- नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- फैक्ट्री से लौट रही महिला को बस में खींचा गया।
- चलती बस में दोनों आरोपियों ने दुष्कर्म की वारदात की।
- पुलिस ने ड्राइवर और हेल्पर को गिरफ्तार कर लिया।
एजेंसी, दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के नांगलोई इलाके में महिलाओं की सुरक्षा को गहरा झटका देने वाली घटना सामने आई है। एक प्राइवेट स्लीपर बस में एक महिला के साथ ड्राइवर और हेल्पर ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता नांगलोई क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करती है। घटना वाली रात वह फैक्ट्री से पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में खड़ी एक प्राइवेट स्लीपर बस के ड्राइवर सुदेश (30 वर्ष) और हेल्पर अमन (26 वर्ष) ने उसे जबरन बस के अंदर खींच लिया। आरोप है कि दोनों ने महिला को करीब सात किलोमीटर तक बस में घुमाया। इसी दौरान उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद रात करीब 2 बजे आरोपियों ने महिला को सड़क पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
आरोपियों से पूछताछ कर रही है पुलिस
पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बस को भी जब्त कर लिया है। महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
वारदात ने निर्भया कांड की दिलाई याद
यह घटना 2012 के निर्भया कांड की याद दिलाती है। निर्भया कांड में भी दिल्ली की एक चलती बस में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था, जिसने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया था और यौन अपराधों के खिलाफ सख्त कानून बनाने की मांग उठी थी।