शादी समारोह में चली गोलियां, फारूक अब्दुल्ला बाल-बाल बचे; डिप्टी सीएम सुरेंद्र चौधरी घायल
जम्मू के ग्रेटर कैलाश स्थित रॉयल पार्क में एक शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फारूक अब्दुल्ला और उपमुख्यमंत्री स ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 11 Mar 2026 11:39:59 PM (IST)Updated Date: Thu, 12 Mar 2026 12:00:49 AM (IST)
Farooq AbdullahHighLights
- फारूक अब्दुल्ला और डिप्टी सीएम की मौजूदगी में फायरिंग
- उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी को हल्की चोट आई है
- आरोपी की पहचान कमल सिंह जम्वाल के रूप में हुई
डिजिटल डेस्क। जम्मू शहर के ग्रेटर कैलाश इलाके में बुधवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक हुई फायरिंग में जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी घायल हो गए। घटना रॉयल पार्क बैंक्वेट हॉल के बाहर की है, जहां एक सीनियर वकील की बेटी के विवाह समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी सहित कई वीआईपी मौजूद थे।
उपमुख्यमंत्री घायल, फारूक अब्दुल्ला सुरक्षित
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समारोह के दौरान एक व्यक्ति ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिससे मेहमानों के बीच भगदड़ मच गई। इस घटना में उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी को हथियार के छर्रे लगने से हल्की चोटें आईं। मौके पर मौजूद डॉक्टर्स ने उन्हें तुरंत प्राथमिक इलाज दिया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि उनकी चोट गंभीर नहीं है और उनकी स्थिति पूरी तरह स्थिर है। गनीमत रही कि पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला इस हमले में पूरी तरह सुरक्षित रहे।
हमलावर दबोचा गया
फायरिंग की आवाज सुनते ही सुरक्षाकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई की और कुछ ही मिनटों में हमलावर को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान कमल सिंह जम्वाल के रूप में की है। उसके पास से इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
आरोपी से की जा रही पूछताछ
घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। ग्रेटर कैलाश और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। आरोपी कमल सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि फायरिंग के पीछे के वास्तविक मकसद और किसी संभावित साजिश का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।