
नईदुनिया प्रतिनिधि, नई दिल्ली। दिल्ली और राजधानी से सटे शहरों में सोमवार को हुई तेज बारिश का असर सड़क से लेकर हवाई यातायात तक दिखाई दिया। लगातार बारिश के कारण दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद की कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं, खराब मौसम के कारण दिल्ली आने वाली करीब 15 उड़ानों को अलग-अलग एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा। इसके अलावा करीब दो दर्जन उड़ानें रद भी की गईं।

जानकारी के अनुसार, विभिन्न स्थानों से दिल्ली आ रही करीब 15 उड़ानों को उड़ान के दौरान ही दूसरे एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। इनमें सबसे ज्यादा उड़ानों को जयपुर डायवर्ट किया गया। इसके बाद कुछ उड़ानों को लखनऊ और चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर उतारने के निर्देश दिए गए।

उड़ानों के डायवर्जन का सिलसिला सोमवार दिन में करीब 11 बजे शुरू हुआ और पौने एक बजे तक जारी रहा। खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही प्रभावित हुई।

मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट ने एक्स पर अपने हैंडल के माध्यम से यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की थी। यात्रियों से कहा गया था कि संभावित मौसम की स्थिति को देखते हुए वे समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचें या अपनी संबंधित एयरलाइंस से उड़ान की जानकारी प्राप्त कर लें। इसका उद्देश्य यात्रियों को संभावित परेशानी से बचाना था।

बारिश का असर दिल्ली से रवाना होने वाली उड़ानों पर भी पड़ा। प्रस्थान करने वाली दो तिहाई से अधिक उड़ानें निर्धारित समय से काफी विलंबित रहीं। इन उड़ानों में औसत देरी करीब एक घंटे दर्ज की गई। वहीं, करीब दो दर्जन उड़ानें रद करनी पड़ीं।

सोमवार सुबह पटना हवाई अड्डे पर दिल्ली से आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट लैंडिंग के दौरान पक्षी से टकरा गई। घटना के बाद अधिकारियों ने रनवे का निरीक्षण किया। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली-पटना उड़ान में 164 यात्री सवार थे। फ्लाइट सुबह 7:44 बजे लैंडिंग करने वाली थी, तभी पक्षी से टकराने की घटना हुई।

हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि एयर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 के पायलट ने पक्षी के टकराने की आशंका जताई थी। विमान के उतरने के बाद अधिकारियों ने सुरक्षा के लिहाज से रनवे का निरीक्षण किया।