
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। ट्रेन के फर्स्ट AC कोच को 'हनीमून सुइट' की तरह सजाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारतीय रेलवे ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। इस मामले में सुरक्षा और नियमों की अनदेखी को लेकर साउथ सेंट्रल रेलवे (SCR) ने बड़ी कार्रवाई की है।
कूपे में बाहरी और अनाधिकृत व्यक्ति को घुसने देने के आरोप में ड्यूटी पर तैनात मुख्य टिकट निरीक्षक (TTE) को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, बिना अनुमति और बिना टिकट ट्रेन में घुसकर सजावट करने वाले डेकोरेटर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। साउथ सेंट्रल रेलवे ने बुधवार रात करीब 9 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी साझा की।
रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 6 जुलाई 2026 की है। नंदीग्राम एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 11002) के फर्स्ट AC कूपे में एक कपल सफर कर रहा था। कूपे को खास अंदाज में सजाने के लिए कपल ने ऑनलाइन एक डेकोरेटर बुक किया था। यह डेकोरेटर महाराष्ट्र के जालना स्टेशन पर बिना किसी वैध टिकट और बिना रेलवे प्रशासन की अनुमति के ट्रेन के भीतर दाखिल हो गया। सजावट पूरी करने के बाद डेकोरेटर ने इसका एक वीडियो बनाया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया। देखते ही देखते यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया, जिसके बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया।
ट्रेन के वीआईपी कोच में एक बाहरी और अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश सुरक्षा के लिहाज से एक गंभीर चूक माना गया है। रेलवे ने इस लापरवाही के लिए सीधे तौर पर ड्यूटी पर मौजूद TTE को जिम्मेदार ठहराया और उन्हें तुरंत निलंबित कर दिया। इसके साथ ही इस मामले की विभागीय जांच (डिपार्टमेंटल इंक्वायरी) के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। दूसरी ओर, रेलवे सुरक्षा को ताक पर रखने और नियमों को तोड़ने के जुर्म में डेकोरेटर पर भी शिकंजा कसा गया है। उसके खिलाफ बिना टिकट यात्रा करने, बिना अनुमति ट्रेन में प्रवेश करने और रेलवे एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
Viral Video https://t.co/1WSLdZCzjn
— Akash Sharma (@AkashSharm_JNM) July 9, 2026
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रेन के कूपे को किसी आलीशान होटल के सुइट की तरह तब्दील कर दिया गया है। ऊपर वाली सीट पर बड़े-बड़े अक्षरों में 'I Love you' लिखा गया है। सीट तक जाने वाली सीढ़ियों पर फूलों की पंखुड़ियां बिखरी हैं और आर्टिफिशियल दीये जलाकर रखे गए हैं। कूपे की दीवारों को गुलाब के फूलों और खूबसूरत लड़ियों से सजाया गया है। यहां तक कि डस्टबिन के ऊपर भी एक आकर्षक गुलदस्ता रखा हुआ है। पूरे केबिन को पीली एलईडी झालर (लाइट्स) से रोशन किया गया है और बैकग्राउंड में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का प्रसिद्ध गाना 'जग घुमेया थारे जैसा ना कोई...' बज रहा है।
इस अनोखी सजावट का वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट पर एक नई बहस छिड़ गई थी। कई यूजर्स ने सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए रेल मंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को टैग किया और पूछा कि क्या चलती ट्रेन में ऐसा करने की इजाजत है? शुरुआत में कुछ रेलवे अधिकारियों का तर्क था कि चूंकि पूरा कूपे बुक था और रेलवे की संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया, इसलिए शायद यह स्वीकार्य हो।
बढ़ते विवाद को देखते हुए साउथ सेंट्रल रेलवे ने स्थिति स्पष्ट की और साफ कर दिया कि किसी भी बाहरी व्यक्ति का बिना अनुमति ट्रेन में घुसना और व्यावसायिक गतिविधि करना पूरी तरह से गैरकानूनी और नियमों के खिलाफ है।