पारंपरिक केंद्रों से आगे निकलकर पंजाब के हर कोने में पहुंच रहा औद्योगिक विकास
पंजाब का औद्योगिक परिदृश्य अब केवल कुछ गिने-चुने पारंपरिक शहरों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि राज्य सरकार की दूरदर्शी नीतियों के चलते औद्योगिक विकास का दायरा अब तेजी से पूरे पंजाब में फैल रहा है।
Publish Date: Wed, 28 Oct 2026 08:11:46 PM (IST)Updated Date: Wed, 28 Oct 2026 08:14:14 PM (IST)
HighLights
- पटियाला को 2,590 करोड़ और होशियारपुर को 2,003 करोड़ के नए निवेश प्रस्ताव
- रोजगार के अवसर ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों के युवाओं तक
- सरकार विभिन्न क्षेत्रों में विशेष क्लस्टरों को भी बढ़ावा दे रही
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब का औद्योगिक परिदृश्य अब केवल कुछ गिने-चुने पारंपरिक शहरों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि राज्य सरकार की दूरदर्शी नीतियों के चलते औद्योगिक विकास का दायरा अब तेजी से पूरे पंजाब में फैल रहा है।
पारदर्शी शासन, बेहतर बुनियादी ढांचे और आसान प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण राज्य के छोटे और उभरते जिले भी अब बड़े औद्योगिक केंद्रों के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं।
पंजाब के इन जिलों में आया भारी निवेश
हालिया आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2022-23 से 2026-27 के दौरान केवल मोहाली और लुधियाना ही नहीं, बल्कि पटियाला, होशियारपुर, फतेहगढ़ साहिब, बठिंडा, कपूरथला और जालंधर जैसे जिलों में भी भारी निवेश आया है। पटियाला को 2,590 करोड़ रुपये और होशियारपुर को 2,003 करोड़ रुपये के नए निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
रोजगार के अवसर ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों के युवाओं तक
इसके अलावा फतेहगढ़ साहिब, बठिंडा और जालंधर जैसे जिलों में भी निवेशकों ने गहरी दिलचस्पी दिखाई है। इस विकेंद्रीकृत औद्योगिक विकास का सबसे बड़ा लाभ यह है कि अब रोजगार के अवसर बड़े महानगरों तक सीमित न रहकर ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों के युवाओं तक भी पहुंच रहे हैं।
सरकार विभिन्न क्षेत्रों में विशेष क्लस्टरों को भी बढ़ावा दे रही
स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों के बढ़ने से राज्य की आर्थिकी को एक नया संतुलन मिल रहा है। राज्य की भगवंत मान सरकार विभिन्न क्षेत्रों में विशेष क्लस्टरों को भी बढ़ावा दे रही है, जिससे सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) को आधुनिक तकनीक और साझा बुनियादी ढांचे का लाभ मिल रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि पंजाब का यह संतुलित औद्योगिक विकास न केवल क्षेत्रीय असमानताओं को दूर कर रहा है, बल्कि राज्य के समग्र विकास को भी गति दे रहा है। आने वाले समय में यह विविधीकरण पंजाब को देश के सबसे मजबूत औद्योगिक राज्यों की श्रेणी में ला खड़ा करेगा।