
डिजिटल डेस्क। हरियाणा के विश्वप्रसिद्ध 'सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले' में शनिवार का दिन खुशियों के बजाय मातम में बदल गया। मेले के एम्यूजमेंट पार्क (झूला क्षेत्र) में एक बड़ा झूला टूटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दूसरों की जान बचाते हुए पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद शहीद हो गए, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
चश्मदीदों के मुताबिक, एम्यूजमेंट पार्क में एक बड़ा झूला अचानक अनियंत्रित होकर एक तरफ झुकने लगा। वहां ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने जैसे ही खतरे को भांपा, वे तुरंत लोगों को वहां से हटने के लिए चिल्लाने लगे। वे लोगों को धक्का देकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा ही रहे थे कि झूला अचानक दायीं तरफ पलट गया।
दुर्भाग्यवश, इंस्पेक्टर जगदीश झूले और उसके लोहे के प्लेटफॉर्म के बीच फंस गए। उनकी गर्दन में गंभीर चोट आई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस बहादुरी के कार्य में एक अन्य पुलिसकर्मी राजेश भी घायल हुए हैं।
सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा: टूटा झूला और गिरा प्रवेश द्वार, लोगों को बचाते हुए इंस्पेक्टर की गई जान, झूला टूटने से कई घायल। pic.twitter.com/4ZDFlxS8s4
— NaiDunia (@Nai_Dunia) February 7, 2026
झूले के इस भीषण हादसे से कुछ देर पहले ही मेला परिसर के प्रवेश द्वार संख्या दो का पल्ला अचानक गिर गया था। उस घटना में भी एक बच्चा और एक अधेड़ व्यक्ति घायल हुए थे। एक ही दिन में हुए इन दो हादसों ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- आम आदमी को राहत... फल, तेल और ड्राई फ्रूट्स के गिरेंगे दाम, ट्रंप के फैसले से और क्या होगा सस्ता? देखें पूरी लिस्ट
हादसे की खबर मिलते ही मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई और आनन-फानन में शनिवार शाम को होने वाले सभी मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए।