
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, मानसून (Monsoon Update) ने अब पूरे भारत को अपने दायरे में ले लिया है। देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इस समय बारिश (Weather Update) का दौर जारी है।
मौसम विभाग (IMD Rain Alert 10 July) ने कल यानी 10 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर समेत देश के 13 प्रमुख राज्यों में भारी बारिश का कड़ा अलर्ट जारी किया है। राहत और चिंता की बात यह है कि देश का ऐसा कोई भी हिस्सा नहीं बचा है, जहां कल हल्की, मध्यम या तेज बारिश की संभावना न जताई गई हो। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून अब राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बचे हुए हिस्सों में भी पूरी तरह आगे बढ़ चुका है।
राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों (NCR) में कल यानी 10 जुलाई को मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह और दोपहर के समय कई स्थानों पर हल्की बारिश जबकि कुछ अलग-अलग इलाकों में मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है। इस दौरान आसमान में बिजली कड़कने की भी आशंका जताई गई है। कल दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में मानसूनी बारिश अब लोगों की मुश्किलें बढ़ाने लगी है। उत्तराखंड के कई जिलों में कल भारी से बहुत भारी बारिश होने का 'ऑरेंज/रेड अलर्ट' जारी किया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी और ऊंचे इलाकों में भी कल भारी बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों पर बारिश का यह खतरनाक दौर फिलहाल थमने वाला नहीं है और यह स्थिति आगामी 15 जुलाई तक लगातार जारी रहेगी।
उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादलों का डेरा है और बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कल पश्चिमी यूपी के जिलों में बहुत भारी बारिश की प्रबल आशंका व्यक्त की है। दूसरी ओर, पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में 13 जुलाई तक व्यापक रूप से बारिश का दौर चलेगा और कल कुछ जगहों पर मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने 10 से 13 जुलाई के बीच हरियाणा के कई जिलों में भारी बारिश होने की बात कही है। पूर्वी राजस्थान, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में 15 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कल पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी 13 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट रहेगा।
IMD Weather Warning !
A Well-Marked Low Pressure Area over Southwest Uttar Pradesh is set to bring extremely heavy rainfall to parts of West Uttar Pradesh (09 July) and Uttarakhand (09–10 July).
🌧️ Stay weather-aware. Avoid unnecessary travel to flood-prone areas and follow… pic.twitter.com/4ad9GlKUVF
— India Meteorological Department (@Indiametdept) July 9, 2026
मध्य भारत की बात करें तो पूर्वी मध्य प्रदेश में कल भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है और यह दौर 15 जुलाई तक खिंच सकता है। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी कल बारिश होगी, हालांकि इसके लिए कोई गंभीर अलर्ट नहीं है, लेकिन 13 जुलाई तक आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के आसार जरूर हैं। इसके साथ ही, महाराष्ट्र और केरल में भी कल भारी बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
पूर्वी भारत के राज्यों में भी मानसून सक्रिय है। 10 जुलाई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। बिहार के कई जिलों में 12 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा में 14 जुलाई तक और झारखंड में 12 से 15 जुलाई के दौरान भारी बारिश का दौर देखने को मिलेगा। उधर सिक्किम में कल बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अतिरिक्त, पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी कल भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।