
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। देशभर में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग (Weather Forecast) ने राहत भरी खबर दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून (Monsoon Update) केरल में सामान्य तिथि से छह दिन पहले पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को जारी पूर्वानुमान में बताया कि मानसून के 26 मई को केरल पहुंचने की संभावना है। आमतौर पर मानसून एक जून को केरल में दस्तक देता है।
मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि मानसून के आगमन में चार दिन आगे या पीछे होने की संभावना बनी रहती है। पिछले वर्ष मानसून 24 मई को केरल पहुंचा था।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस वर्ष मानसूनी सीजन में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। जून से सितंबर तक का चार महीने का मानसून सीजन देश की कुल वार्षिक वर्षा का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा देता है। यही बारिश कृषि, जलाशयों और जल स्रोतों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार मानसून के दौरान देश में लगभग 80 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है, जबकि 1971 से 2020 तक का दीर्घकालिक औसत 87 सेंटीमीटर रहा है।
एक मई को जारी पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने कहा था कि अल नीनो की स्थिति कम वर्षा का बड़ा कारण बन सकती है। अल नीनो एक जलवायु पैटर्न है, जिसमें पूर्वी उष्णकटिबंधीय प्रशांत महासागर का सतही जल असामान्य रूप से गर्म हो जाता है। इसका प्रभाव मानसूनी हवाओं पर पड़ता है, जिससे भारत में बारिश कम होती है और तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलती है।
मध्य प्रदेश में शुक्रवार को दिनभर तेज गर्मी और लू का असर बना रहा, लेकिन शाम होते-होते कई जिलों में मौसम अचानक बदल गया। कुछ स्थानों पर तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि कई इलाकों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश ने लोगों को राहत पहुंचाई।
मौसम विभाग ने धार, रतलाम, देवास, इंदौर और उज्जैन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तीव्र लू और गर्म रात रहने की चेतावनी दी गई है।
वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, ग्वालियर, गुना, सागर और छतरपुर समेत 30 से अधिक जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मंडला जिले में गर्म रात की संभावना जताई गई है।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान समेत कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। महाराष्ट्र का अकोला 45.9 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा जलगांव, वर्धा और अमरावती में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में आसमान साफ रहेगा, जिससे तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। राजधानी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं उत्तर प्रदेश में भी हीटवेव की स्थिति बनी रहने की संभावना जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी और अंडमान में अनुकूल परिस्थितियां
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मानसून आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
छत्तीसगढ़ में मौसम लगातार बदल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन, बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
रायपुर समेत कई इलाकों में शुक्रवार को बारिश हुई। रायपुर में 3.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि मानसून जून के दूसरे सप्ताह, यानी 10 से 15 जून के बीच छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकता है।
महासमुंद जिले के ग्राम पिरदा छापाडबरी खार में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से धर्मसिंह गोंड (50) की मौत हो गई। वह अपने पिता पुनीत राम गोंड (70) के साथ मूंगफली के खेत की रखवाली कर रहे थे। हादसे में उनके पिता झुलस गए, जिनका इलाज तुमगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई। राहत आयुक्त की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के 26 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 113 लोगों की मौत हो चुकी है।
72 लोग घायल हुए हैं, जबकि 170 पशुओं की भी मौत हुई है। इसके अलावा 227 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। रामपुर और मुरादाबाद में टूटे बिजली के तारों की चपेट में आने से दो लोगों की जान चली गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को नुकसान की रिपोर्ट हर तीन घंटे में भेजने के निर्देश दिए हैं।