_m.webp)
आदित्य कुमार, नईदुनिया, नई दिल्ली। 12 मई 2026 की वह सुबह, जब देश के करीब 30 लाख छात्र अपनी महीनों की थकान उतारने और आने वाले रिजल्ट के सुनहरे सपने देखने की तैयारी कर रहे थे, तभी एक खबर ने पूरे देश के साथ-साथ उन लाखों चूल्हों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया, जो अपने बच्चे को 'डॉक्टर' बनते देखना चाहते थे। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की - "नीट 2026 (NEET UG 2026 Paper Cancelled) की परीक्षा रद्द की जाती है।"
.jpg)
NEET UG 2026 Paper Leak
वजह वही पुरानी और घातक - पेपर लीक। 2024 की कड़वी यादें अभी धुंधली भी नहीं हुई थीं कि 2026 के इस महा-लीक ने यह साबित कर दिया कि देश की सबसे बड़ी परीक्षा प्रणाली का सुरक्षा घेरा किसी कागज की दीवार से ज्यादा कुछ नहीं है।
आइए समझते हैं कि आखिर हमारी परीक्षा प्रणाली में यह 'लीक' कहां तक फैला है।
यह सिर्फ एक खबर नहीं, एक मानवीय त्रासदी है। जमशेदपुर जैसे छोटे शहर में रहने वाली 12वीं साइंस की नेशनल टॉपर शांभवी तिवारी के शब्दों में - "नीट के बाद मैं रिलैक्स मोड में थी, लेकिन अब फिर से शून्य से तैयारी शुरू करना मानसिक रूप से थकाऊ है। पूरे देश की परीक्षा रद्द करने से उन छात्रों का मनोबल टूटता है जिन्होंने ईमानदारी से मेहनत की। पढ़ाई का जो रिदम था, वह अब पूरी तरह बिखर चुका है। परीक्षा के दौरान केंद्र पर तकनीकी समस्याओं के कारण चार प्रश्न छूटे, इसके बावजूद 664 अंक आ रहे थे। विश्वास था कि इस स्कोर पर एम्स (AIIMS) में दाखिला मिल जाएगा।"
.jpg)
शांभवी अकेली नहीं है। 30 लाख छात्रों का मतलब है - कम से कम 1 करोड़ लोगों का मानसिक और आर्थिक तनाव। कई माता-पिता ने जमीन गिरवी रखकर कोचिंग की फीस भरी थी। अब दोबारा परीक्षा का मतलब है - दोबारा फॉर्म, दोबारा यात्रा का खर्च और फिर से वही अनिश्चितता। यह केवल परीक्षा रद्द होना नहीं है, यह एक पूरी पीढ़ी का भरोसा 'कैंसिल' होना है।
आइए पहले ये जानते है कि इस परीक्षा को कराने वाली एजेंसी है क्या? नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की स्थापना 2017 में एक 'स्वायत्त' (Autonomous) संस्था के रूप में की गई थी। मकसद था - देश में पारदर्शिता के साथ उच्च गुणवत्ता वाली प्रवेश परीक्षाएं कराना।
क्यों बनी थी NTA? इससे पहले सीबीएसई (CBSE) मेडिकल प्रवेश परीक्षाएं कराता था। लेकिन परीक्षाओं के बढ़ते बोझ और तकनीकी जटिलताओं को देखते हुए सरकार ने एक समर्पित एजेंसी बनाई।
कैसे काम करती है प्रणाली? NTA की कार्यप्रणाली बेहद जटिल है। इसमें पेपर सेटर्स, मॉडरेटर्स, प्रिंटिंग प्रेस, लॉजिस्टिक पार्टनर्स और हजारों परीक्षा केंद्र शामिल होते हैं। पेपर को 'मल्टी-लेयर' सुरक्षा में रखा जाता है। पेपर जिला मुख्यालयों के 'ट्रेजरी' (खजाने) या बैंकों के स्ट्रॉन्ग रूम में रखे जाते हैं और परीक्षा के ठीक पहले केंद्रों तक पहुंचते हैं।

(AI Generated Image)
विशेषज्ञों का मानना है कि NTA की सबसे बड़ी कमजोरी इसकी 'आउटसोर्सिंग' है। एजेंसी के पास अपना पर्याप्त स्टाफ और इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है। वह पेपर प्रिंटिंग से लेकर कंप्यूटर सेंटर्स तक के लिए बाहरी वेंडर्स पर निर्भर है। जब कड़ियां इतनी ज्यादा होती हैं, तो किसी एक कड़ी का कमजोर होना पूरे चेन को तोड़ देता है।
2024 में नीट को लेकर जो बवाल हुआ था, वह भारतीय शिक्षा इतिहास का काला अध्याय था। ग्रेस मार्क्स, एक ही सेंटर से कई टॉपर्स और पेपर लीक के गंभीर आरोपों ने सुप्रीम कोर्ट तक को हस्तक्षेप करने पर मजबूर कर दिया था। तब सरकार ने वादा किया था कि 'रिफॉर्म्स' किए जाएंगे।
लेकिन 2026 की 'इनसाइड स्टोरी' बताती है कि 'शिक्षा माफिया' ने 2024 की गलतियों से सीखा, पर सिस्टम ने नहीं।
टेलीग्राम और डार्क वेब: इस बार पेपर लीक की तकनीक और भी शातिर थी। जांच में सामने आया है कि परीक्षा से 24 घंटे पहले ही 'सॉल्वर गैंग' के पास पेपर पहुंच चुका था और इसे टेलीग्राम के सीक्रेट चैनल्स के जरिए लाखों रुपयों में बेचा गया।
मॉडस ऑपेरंडी: माफियाओं ने उन छोटे केंद्रों को निशाना बनाया जहां सुरक्षा के इंतजाम ढीले थे। डिजिटल प्रिंटिंग प्रेस से लेकर ट्रांसपोर्टेशन के दौरान जीपीएस ट्रैकिंग को जाम (Jam) करने तक की साजिश रची गई।
एनटीए पर उठ रहे सवालों के बीच तीन प्रमुख कारण सामने आते हैं...
यह भी पढ़ें- NEET: पेपर लीक की टीस... 2024 के 'मास्टर प्लान' की Inside Story, जिससे 2026 में भी नहीं बच पाया सिस्टम
विशेषज्ञों और शिक्षाविदों का मानना है कि अब 'कॉस्मेटिक बदलावों' का समय निकल चुका है। अब 'सर्जरी' की जरूरत है...
नीट 2026 का रद्द होना केवल एक प्रशासनिक विफलता नहीं है, यह देश की मेधा (Talent) का अपमान है। कुछ लोगों का आरोप है कि एक तरफ हम 'विश्वगुरु' बनने की बात करते हैं, और दूसरी तरफ हम अपने देश के भावी डॉक्टरों को एक पारदर्शी परीक्षा तक नहीं दे पा रहे।
30 लाख छात्र आज सड़कों पर नहीं, बल्कि अपने कमरों में अंधेरा करके बैठे हैं। उनके लिए 'दोबारा परीक्षा' का मतलब फिर से वही सफर शुरू करना है। सरकार और NTA को यह समझना होगा कि वे केवल एक एजेंसी नहीं चला रहे, वे इस देश के भविष्य के संरक्षक हैं। और इस बार, संरक्षक पूरी तरह से विफल रहे हैं।
यह भी पढ़ें- NEET UG रद होने से विद्यार्थियों की मेहनत हुई बेकार, बच्चों में बढ़ा मानसिक दवाब