
डिजिटल डेस्क, जयपुर। जयपुर के सीतापुरा स्थित आईओएन डिजिटल जोन केंद्र पर आयोजित होने वाली NEET-PG 2026 परीक्षा (NEET PG 2026 Exam Postponed)को बिजली कटौती की समस्या के चलते स्थगित कर दिया गया है। राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान बोर्ड (NBEMS) ने इस संबंध में परीक्षा को पुनर्निर्धारित करने का फैसला लिया है।
राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान बोर्ड के अनुसार, आईओएन डिजिटल जोन (सीतापुरा) केंद्र के लिए आवंटित सभी प्रभावित उम्मीदवारों की परीक्षा अब 5 सितंबर, 2026 को आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को इसी पुनर्निर्धारित तारीख के अनुसार परीक्षा में शामिल होना होगा।
परीक्षा केंद्र पर बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, बिजली कटौती की स्थिति को देखते हुए एनबीईएमएस ने प्रभावित उम्मीदवारों के लिए परीक्षा की नई तारीख निर्धारित की है।
छात्रों का आरोप है कि सेंटर के स्टाफ ने इसको कोई तकनीकी कारण नहीं बताया। इसको लेकर छात्रों ने परीक्षा केंद्र पर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा को बढ़ता देख परीक्षा कैंसिल कर दी गई है।
एसीपी ललित शर्मा ने बताया, "हमें सूचना मिली थी कि सर्वर ठीक से काम नहीं कर रहा था, जिसके कारण परीक्षा सुचारू रूप से नहीं चल सकी। कुछ उम्मीदवारों के कंप्यूटर खुल गए जबकि अन्य के नहीं खुले, जिससे परीक्षा में बाधा उत्पन्न हुई। छात्र परीक्षा और प्रक्रिया को लेकर नाराज हैं। हम उनसे इस मामले पर चर्चा कर रहे हैं और उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं। एक तर्कसंगत और सार्थक समाधान निकालने के लिए आयोजन एजेंसी के साथ उच्च स्तर पर भी बातचीत चल रही है।"
VIDEO | Jaipur, Rajasthan: NEET-PG exam 2026 disrupted at Sitapura centre due to a technical issue.
ACP Lalit Sharma says, "We received information that the server was not working properly, due to which the exam could not continue normally. Some candidates' computers opened… pic.twitter.com/VeXVZm1GdU
— Press Trust of India (@PTI_News) August 30, 2026
इस निर्णय से केवल जयपुर के आईओएन डिजिटल जोन (सीतापुरा) केंद्र पर आवंटित प्रभावित उम्मीदवारों की परीक्षा प्रभावित हुई है। अब इन उम्मीदवारों के लिए NEET-PG 2026 की परीक्षा 5 सितंबर को आयोजित की जाएगी।
राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड (NBEMS) के अनुसार, नीट-पीजी 2026 परीक्षा 30 अगस्त 2026 को देश के 1,111 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इसमें कुल 2,73,096 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2,65,980 उम्मीदवार शामिल हुए, जिनमें से लगभग 2,63,535 छात्रों की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हो गई।