ओडिशा में राउरकेला से जाजपुर जा रही बस की ट्रक से टक्कर, 4 की मौत; 20 से अधिक यात्री घायल
ओडिशा में राउरकेला से जाजपुर जा रही बस की ट्रक से टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 29 Apr 2026 10:35:53 AM (IST)Updated Date: Wed, 29 Apr 2026 10:50:46 AM (IST)
ओडिशा में भीषण सड़क हादसा। (फोटो- एजेंसी)एजेंसी, ओडिशा। मंगलवार देर रात राउरकेला से जाजपुर जा रही प्रमिला बस एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। चांदीपोष स्थित पेट्रोल पंप से निकलते ही बस अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में चली गई और सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक दोनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और घायलों को निकालने का कार्य तेज किया गया।
एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
करीब एक दर्जन एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें हाईटेक सहित अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है। देर रात तक अस्पतालों में इलाज जारी रहा।
जनप्रतिनिधि भी पहुंचे मदद के लिए
हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक शारदा नायक, प्रतिनिधि प्रेम दास और युवा नेता विवेक गुप्ता सहित कई लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए।
मौतों की आधिकारिक पुष्टि बाकी
घटना स्थल और अस्पताल में मिलाकर चार लोगों की मौत होने की बात सामने आ रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।