सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचे विपक्षी सांसदों को पुलिस ने रोका, मेदांता अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे नेता
गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात करने पहुंचे विपक्षी दलों के सांसदों को बुधवार को पुलिस ने अस्पताल...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 22 Jul 2026 07:41:09 PM (IST)Updated Date: Wed, 22 Jul 2026 07:43:45 PM (IST)
अस्पताल के बाहर बैठे सांसद।HighLights
- पुलिस ने अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर रोक दिया
- आप, झामुमो, राजद और सपा के सांसद धरने पर बैठ गए
- पुलिस बोली-केवल अधिकृत परिजनों को ही मिलने की अनुमति
डिजिटल डेस्क, गुरुग्राम। गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात करने पहुंचे विपक्षी दलों के सांसदों को बुधवार को पुलिस ने अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर रोक दिया। इसके बाद आम आदमी पार्टी, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अस्पताल के बाहर ही धरने पर बैठ गए।
पुलिस अधिकारियों ने सांसदों से कहा कि अस्पताल प्रशासन की ओर से केवल परिजनों को ही मरीज से मिलने की अनुमति दी गई है। इसी वजह से उन्हें अंदर जाने की इजाजत नहीं दी जा सकती।
अस्पताल के मुख्य गेट पर बैठकर अपना विरोध दर्ज कराया
पुलिस की कार्रवाई के विरोध में विपक्षी नेताओं ने अस्पताल के मुख्य गेट पर बैठकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान उन्होंने सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाया।
मिलने से रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विपक्षी नेताओं को एक सामाजिक कार्यकर्ता से मिलने से रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है और उसका रवैया तानाशाही जैसा है।
केवल अधिकृत परिजनों को ही मुलाकात की अनुमति
सांसदों ने मांग की कि उन्हें सोनम वांगचुक से मिलने की अनुमति दी जाए। वहीं, पुलिस और अस्पताल प्रशासन अपने निर्णय पर कायम रहे और सुरक्षा व अस्पताल के नियमों का हवाला देते हुए केवल अधिकृत परिजनों को ही मुलाकात की अनुमति देने की बात दोहराई।