Rajasthan Board Result: निकिता ने 12वीं में पाए 93.88% अंक, पर रिजल्ट से 10 दिन पहले हो गया निधन
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की 12वीं कक्षा के परिणाम घोषित होते ही जहां प्रदेश भर के लाखों घरों में खुशियां मनाई जा रही हैं, वहीं श्रीगंगानग ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 31 Mar 2026 03:08:51 PM (IST)Updated Date: Tue, 31 Mar 2026 03:08:51 PM (IST)
Rajasthan Board Result: निकिता ने 12वीं में पाए 93.88% अंकHighLights
- श्रीगंगानगर की निकिता ने 12वीं बोर्ड में हासिल किए 93.88% अंक
- बीमारी के कारण रिजल्ट आने से 10 दिन पहले छात्रा का हुआ निधन
- मजदूर माता-पिता की मेधावी बेटी ने विपरीत हालातों में दी थी परीक्षा
डिजिटल डेस्क। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की 12वीं कक्षा के परिणाम घोषित होते ही जहां प्रदेश भर के लाखों घरों में खुशियां मनाई जा रही हैं, वहीं श्रीगंगानगर जिले की रावला तहसील का एक परिवार गहरे शोक में डूबा हुआ है। इस परिवार की मेधावी छात्रा निकिता ने बोर्ड परीक्षा में 93.88 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल और जिले का नाम रोशन किया, लेकिन अफ़सोस कि वह अपनी इस सफलता को देखने के लिए जीवित नहीं थी।
परिणाम से 10 दिन पहले तोड़ा दम
रावला के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा निकिता का निधन परिणाम घोषित होने से ठीक 10 दिन पहले 20 मार्च को हो गया। परिवार द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, निकिता लंबे समय से हेपेटाइटिस और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रही थी। बीमारी के बावजूद उसने कड़ी मेहनत से परीक्षा दी थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
मजदूर माता-पिता के आंखों में आंसू
निकिता एक अत्यंत गरीब परिवार से ताल्लुक रखती थी। उसके माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्हें उम्मीद थी कि उनकी पढ़ाकू बेटी एक दिन उनके दुखों को दूर करेगी। रिजल्ट आने के बाद जब निकिता का नाम ऊंचे अंकों वाली सूची में दिखा, तो माता-पिता का कलेजा फट पड़ा। परिजनों का कहना है कि यदि आज निकिता जिंदा होती, तो यह उपलब्धि उनके जीवन का सबसे गर्व भरा क्षण होता, लेकिन अब चारों ओर सिर्फ मातम है।
राजस्थान 12वीं बोर्ड: एक नजर में नतीजे
राजस्थान बोर्ड 12वीं कक्षा में इस बार कुल 9.10 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनका ओवरऑल पास प्रतिशत 97.20% दर्ज किया गया। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने टॉपर्स से बात कर उन्हें बधाई दी।
विभिन्न संकायों (Streams) के टॉपर्स
- साइंस टॉपर: दीपिका - 99.8% (499/500)
- आर्ट्स टॉपर: नव्या मीणा और नरपत - 99.6%
- कॉमर्स टॉपर: कंगना कौशल्यानी - 99.2%
यह भी पढ़ें- नेशनल हाईवे पर सफर करना होगा महंगा, टोल की नई दरें जारी, एक अप्रैल से पांच से 20 रुपये अतिरिक्त टैक्स देना होगा